24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। नगर के भूमाफियाओं की नजर पहले सरकारी भूमि पर थी, अब गर्मी के चलते खाली पड़े तालाबों की जमीन भी उनके निशाने पर आ गई है। नगर के नर्सरी मोड़ के पास स्थित सासरिया तालाब में भराव का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। वहीं, डूंगरपुर मार्ग पर दूरसंचार टावर के सामने स्थित गोवाड़ी तालाब की भूमि को भी समतल कर प्लॉट निकालकर बेचने का काम शुरू कर दिया गया है। यह सब कुछ प्रशासन की नजरों के सामने होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।नगर के प्रमुख जल स्रोतों में मसानिया, गमलेश्वर, लोहारिया और सासरिया तालाब शामिल हैं। नगरवासियों ने कई बार अधिकारियों, नगर पालिका, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इन सभी तालाबों का सीमांकन कराने की मांग की, लेकिन आश्वासनों के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि भूमाफिया नगर के प्रमुख तालाबों में नए मकानों के निर्माण से निकलने वाला मलबा और आसपास की मिट्टी डालकर भराव कर रहे हैं। कई बार सरकारी अवकाश के दिनों में भी भराव कर भूमि को समतल किया जाता है। डूंगरपुर मार्ग पर स्थित गोवाड़ी तालाब के पुनर्वास कॉलोनी से लगे हिस्से में भी भराव कर प्लॉट विकसित करने की बात सामने आ रही है। वहीं, सासरिया तालाब की भूमि पर भी भूमाफियाओं के साथ कुछ प्रभावशाली लोगों की नजर होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब क्षेत्र में खातेदारी भूमि के सौदे कर भराव किया जा रहा है, जबकि प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं।लोगों का आरोप है कि शिकायतें होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में नगर के प्रमुख जल स्रोत समाप्त होने की कगार पर पहुंच सकते हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहरा सकता है। वर्तमान में नगर पालिका प्रशासन के अधीन है। नगरवासियों का कहना है कि सड़क किनारे छोटे व्यापारियों और ठेला संचालकों पर अतिक्रमण की कार्रवाई तो तुरंत हो जाती है, लेकिन तालाबों और सरकारी भूमि पर हो रहे कथित अतिक्रमणों की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। उनका कहना है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए शिकायत का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते सासरिया तालाब का सीमांकन और संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में यहां आवासीय कॉलोनियां विकसित हो सकती हैं। उनका दावा है कि तालाब के भीतर स्थित खातेदारी भूमि पर केवल खेती की जा सकती है, स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं है, फिर भी भराव का कार्य जारी है। आखिर कब होगा तालाबों का सीमांकन और हटेगा अतिक्रमण?नगरवासियों का कहना है कि सासरिया, मसानिया, लोहारिया और गमलेश्वर तालाबों के सीमांकन की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका मानना है कि सीमांकन नहीं होने से भूमाफियाओं के हौसले बढ़ रहे हैं और तालाबों की भूमि पर लगातार अतिक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ये तालाब केवल नक्शों तक सीमित रह जाएंगे। जिस तरह आसपास के गांवों में गर्मी के दौरान पेयजल संकट देखने को मिलता है, वैसी ही स्थिति नगर में भी उत्पन्न हो सकती है। नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल सीमांकन, अतिक्रमण हटाने और तालाबों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation मातृ शक्ति ने पीले चावल रखकर घर-घर दिया निमंत्रण ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण