उदयपुर। उदयपुर जिले के पंचायत चुनाव में राजनीतिक अखाडा सजा। प्रधान की कुर्सी के लिए खूब जोड तोड किए गए। जोड़-घटाव के साथ भरोसे, महत्वाकांक्षा, जातीय समीकरण, स्थानीय रिश्ते और आखिरी वक्त की राजनीतिक चालें काम कर गई। याने आप वोट किसी को भी दें यह जरूरी नहीं है कि जीतने वाला आपके वोट के पार्टी वाले विश्वास पर कायम ही रहे। वो आगे वोट देते समय गायब हो सकता है, किया जा सकता है या फिर धुर विरोधी दलों से हाथ मिला कर नया समीकरण बना सकता है। मतदाता के हाथ में केवल ठेंगा ही रह जाता है क्योंकि उसके वोट का तरकश तो तीर से निकल चुका है।
उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव ने शुक्रवार को यही पुराना चुनावी सबक एक बार फिर सामने रख दिया। भाजपा 11 सीटों के साथ आगे रही, कांग्रेस को 8 सीटें मिलीं और एक पंचायत समिति में निर्दलीय प्रधान बना। मगर आंकड़ों के पीछे कहानी भाजपा की बढ़त या कांग्रेस की हार की तो नहीं, बल्कि बदलती ग्रामीण राजनीति की है जहां चुनाव चिह्न से ज्यादा अहम कई बार चुनाव के बाद बनने वाले रिश्ते हो जाते हैं जो पल में बन जाते हैं इंस्टेंट नूडल्स।
इस चुनाव का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश भींडर से आया। कांग्रेस के पास 10 सदस्य थे और बहुमत का आंकड़ा पक्ष में था। कांग्रेस का प्रधान बनना तय माना जा रहा था लेकिन परिणाम ने गणित को उलट दिया। भाजपा के चार सदस्यों के साथ पांच निर्दलीय और कांग्रेस के एक सदस्य का समर्थन जुड़ा और भाजपा की राजकुमारी जैन प्रधान बन गईं। कांग्रेस की प्रीतम कुंवर को हार का सामना करना पड़ा। बहुमत होने के बावजूद सदस्यों को एकजुट न रख पाने की राजनीतिक विफलता का अब इतिहास लिखाजाएगा। भाजपा की रणनीति से अधिक कांग्रेस के भीतर भरोसे और प्रबंधन पर सवाल उठे।
भींडर में राजनीतिक मुकाबला मतदान नेताओं में भी खूब रहा। सड़क पर जंग का मैदान सज गया। पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत और निर्दलीय सदस्य कुबेरसिंह चावड़ा के बीच तीखी बहस इंटरनेट की सुर्खियां बन गई। प्रीति शक्तावत ने कांग्रेस प्रत्याशी दिव्या तंवर और उनके पति रणजीत सिंह के लापता होने तथा भाजपा नेताओं के कब्जे में होने की आशंका जताई थी। मतदान के दौरान विवाद बढ़ा तो वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस ने समझाइश की। घटनाक्रम ने भींडर के चुनाव को जिले की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाई बना दिया।
झाड़ोल में कहानी अलग थी, लेकिन राजनीतिक संदेश दिलचस्प। यहां कांग्रेस के आठ, भाजपा के पांच और बीएपी के दो सदस्य जीते थे। भाजपा प्रत्याशी आशा देवी ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद कांग्रेस की राधा देवी के सामने कांग्रेस की ही बागी रेखा देवी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में खड़ी हो गईं। भाजपा ने रेखा का समर्थन किया और मुकाबला एक वोट के अंतर से उसके पक्ष में चला गया। रेखा को आठ और राधा देवी को सात वोट मिले। इस तरह भाजपा ने प्रत्याशी मैदान में उतारे बिना कांग्रेस की सीट पर जीत की पटकथा लिखने में भूमिका निभाई। जीत के बाद रेखा देवी का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. सीपी जोशी के पास पहुंचना भी चर्चा का विषय बन गया। यह दृश्य बताता है कि राजनीतस्थानीय राजनीति में बगावत के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक रिश्ते पूरी तरह खत्म नहीं होते।
कल्याणपुर में दलगत राजनीति का व्यावहारिक चेहरा दिखा। बीएपी के पांच वोट थे कांग्रेस के सात और भाजपा के तीन। बीएपी की शकुंतला को हराने के लिए कांग्रेस की त्रिपुरा देवी को भाजपा के सदस्यों का भी समर्थन मिला। त्रिपुरा देवी को 10 वोट मिले, जबकि बीएपी प्रत्याशी को पांच। भाजपा और कांग्रेस, जो आम तौर पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, यहां बीएपी को रोकने के लिए गलबहियां करने लगे। गठजोड़ विचारधारा का मेल नहीं था, स्थानीय सत्ता के समीकरण का परिणाम था।


नयागांव में खेरवाड़ा विधायक डॉ. दयाराम परमार के छोटे भाई पन्नालाल परमार कांग्रेस की ओर से प्रधान बने। भाजपा के प्रवीण डामोर को हराया। पन्नालाल को नौ और प्रवीण को छह वोट मिले। समिति में कांग्रेस के सात, भाजपा के चार, बीएपी के दो और निर्दलीय के दो सदस्य थे। पन्नालाल की जीत के लिए कांग्रेस के अपने सदस्यों से आगे समर्थन जुटाना जरूरी था। निर्दलीय सदस्यों की भूमिका निर्णायक बनी। पन्नालाल की पत्नी कमला भी पहले प्रधान रह चुकी हैं। एक ही परिवार की राजनीतिक उपस्थिति फिर पंचायत की सत्ता तक पहुंच गई।
मावली में भाजपा ने क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं के बीच गणित सुरक्षित रखा। भाजपा के 10, कांग्रेस के छह और एक निर्दलीय सदस्य था। कांग्रेस ने निर्दलीय सोनिया जाट को समर्थन दिया, लेकिन भाजपा की पूरण कुंवर चुंडावत को 10 और सोनिया को सात वोट मिले। कांग्रेस का समर्थन निर्दलीय को जीत नहीं दिला सका। यह भाजपा के लिए अपने सदस्यों को एकजुट रखने की सफलता थी। दूसरी ओर, सायरा में कांग्रेस ने अपने मजबूत बहुमत को सीधे जीत में बदला। 15 में से 13 सदस्य कांग्रेस के थे और पूर्व खेल राज्यमंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने भाजपा के सवाराम को हराकर प्रधान पद हासिल किया। लगातार विधानसभा चुनावों में सफलता नहीं मिलने के बाद गरासिया की यह जीत उनके लिए स्थानीय राजनीति में नई भूमिका का अवसर है। मगर लोग कह रहे हैं कि इतना भी क्या पोलिटिकल एंबीशन का होना। विधायक रह गए, अब प्रधान बन जाएंगे तो हासिल क्या हो जाना है?? मगर कुछ तो हासिल होना ही है, यह भी लोग ही कह रहे हैं। वल्लभनगर में भाजपा की पूनम मेनारिया निर्विरोध प्रधान बनीं। भाजपा के 16 सदस्य और कांग्रेस का केवल एक सदस्य था। कांग्रेस को प्रस्तावक नहीं मिलने से उसका प्रत्याशी मैदान में नहीं उतर सका।
यह जीत भाजपा के लिए आसान रही, लेकिन लोकतांत्रिक मुकाबले के लिहाज से यह भी याद दिलाती है कि जब एक पक्ष का संख्याबल इतना कमजोर हो जाए कि वह उम्मीदवार तक न उतार सके, तो चुनाव औपचारिकता बनकर रह जाता है।
दूसरी ओर, गिर्वा में भाजपा के रमेश मीणा, गोगुंदा में पदमाराम भील, नाई में अटली बाई और अन्य समितियों में भी दोनों दलों ने अपने संगठनात्मक समीकरणों के आधार पर प्रधान बनाए। गिर्वा में विवेक कटारा की हार बहुत चर्चा का विषय बन गई है। अब इसे कटारा परिवार के राजनीतिक वर्चस्व से जोड़ा जा रहा है।
समग्र देखें तो बीजेपी ने उन जगहों पर भी सफलता हासिल की जहां उसका सीधा बहुमत नहीं था। कांग्रेस ने भी कल्याणपुर में भाजपा का समर्थन लेकर बीएपी को रोका और नयागांव में निर्दलीयों के सहारे जीत हासिल की। झाड़ोल में कांग्रेस की बगावत भाजपा के लिए अवसर बनी, तो भींडर में कांग्रेस की एक क्रॉस वोटिंग ने पूरे चुनाव का परिणाम बदल दिया। यानी पंचायतों में दलों की विचारधारा से ज्यादा स्थानीय सत्ता का गणित प्रभावी दिखाई दिया। चुनाव यह बताता है कि ग्रामीण राजनीति पहले जैसी सीधी नहीं रही। भाजपा-कांग्रेस की प्रतिस्पर्धा के बीच बीएपी, निर्दलीय और बागी सदस्य निर्णायक ताकत बन रहे हैं। एक पंचायत समिति में भाजपा-कांग्रेस साथ खड़ी हो सकती हैं, दूसरी में भाजपा कांग्रेस के बागी को जिताने में मदद कर सकती है और तीसरी में कांग्रेस अपने ही बहुमत के बावजूद हार सकती है। यह अवसरवाद है या स्थानीय जरूरतों के हिसाब से बनते नए समीकरण—इसका फैसला मतदाता करेगा। लेकिन इतना साफ है कि पंचायत की कुर्सी अब केवल पार्टी के चुनाव चिह्न से नहीं मिलती; उसके लिए चुनाव के बाद भी एक अलग चुनाव लड़ना पड़ता है।
शनिवार को उप प्रधान पदों के चुनाव होंगे। प्रधान के चुनाव में बने ये असामान्य गठजोड़ अब अगली परीक्षा से गुजरेंगे। संभव है कि कुछ जगह आज के सहयोगी कल फिर प्रतिद्वंद्वी बन जाएं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading