24 News Update उदयपुर। शक्तिनगर क्षेत्र में वर्षों से शहर की यातायात व्यवस्था और स्थानीय निवासियों के लिए सिरदर्द बने बोटल नेक मामले में शुक्रवार को एक अहम प्रशासनिक हलचल देखने को मिली। स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उनके इस दौरे से लंबे समय से अटके मामले में समाधान की उम्मीद एक बार फिर जगी है।मौके पर मौजूद शहर विधायक ताराचंद जैन ने प्रमुख शासन सचिव को पूरे प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि बोटल नेक खोलने के लिए नगर निगम द्वारा पूर्व में स्थानीय निवासियों से भूमि ली जा चुकी है, लेकिन इसके बदले जिन भूखंडों को प्रभावितों को देने के लिए चिन्हित किया गया था, वे अब तक आवंटित नहीं हो सके हैं। कारण—प्रकरण में आई विभिन्न कानूनी अड़चनें।विधायक ताराचंद जैन ने बताया कि प्रभावित परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। जब यह मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने इसे राजस्थान कैबिनेट में उठाया और मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इसी के परिणामस्वरूप प्रमुख शासन सचिव को स्वयं उदयपुर आकर स्थल निरीक्षण करना पड़ा।निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की फाइल तलब कर ली और बोटल नेक से जुड़े तकनीकी व कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि प्रभावितों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और सभी कानूनी अड़चनों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।प्रमुख शासन सचिव के दौरे की सूचना मिलते ही प्रभावित परिवार भी मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने अपनी पीड़ा अधिकारियों के समक्ष रखते हुए जल्द से जल्द जमीन आवंटन की मांग की। वर्षों से लंबित इस प्रकरण में शीर्ष स्तर पर हुई इस पहल के बाद प्रभावितों में एक बार फिर उम्मीद बंधी है कि अब शायद शक्तिनगर के इस बोटल नेक का ढक्कन सचमुच खुल पाएगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकानों में चोरी-नकबजनी करने वाली कालबेलिया गैंग का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 1 नाबालिग डिटेन उदयपुर कोर्ट परिसर में उत्पाती बंदर का आतंक, वकीलों व कॉन्स्टेबल पर हमला करीब एक घंटे तक ठप रहा न्यायिक कामकाज, वन्यजीव टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू