24 News Update नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने NEET-UG री-एग्जाम की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग एप के उपयोग पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। इस संबंध में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी। सरकार ने यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के आदेश पर की है।NTA के अनुसार, 21 जून को होने वाले NEET री-एग्जाम के मद्देनजर यह कदम परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उठाया गया है। हालांकि आदेश लागू होने की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है। 30 जून तक बंद रहेगा मैसेज एडिट फीचरसरकार ने टेलीग्राम को यह भी निर्देश दिया है कि भारत में उसका मैसेज एडिट फीचर 30 जून 2026 तक निष्क्रिय रखा जाए। इसका मतलब है कि पहले से भेजे गए संदेशों में कोई बदलाव या नई फाइल जोड़ने की सुविधा इस अवधि में उपलब्ध नहीं होगी।NTA का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा समाप्त होने के बाद पुराने संदेशों में प्रश्नपत्र जोड़कर यह दिखाने की कोशिश करते थे कि पेपर पहले ही लीक हो चुका था। इसी तरह की फर्जी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एडिट फीचर को अस्थायी रूप से बंद कराया गया है। फर्जी पेपर लीक के नाम पर हो रही थी ठगी एजेंसी के अनुसार, पिछले कुछ सप्ताह में टेलीग्राम पर “PAPER LEAKED NEET”, “Re-NEET 2026” और “NEET MAFIA” जैसे नामों से कई चैनल और ग्रुप संचालित किए जा रहे थे। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए अभ्यर्थियों और उनके परिवारों से पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। NTA ने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं और परीक्षार्थियों को भ्रमित करने तथा आर्थिक ठगी करने के उद्देश्य से फैलाए जा रहे हैं। I4C और पुलिस की कार्रवाई में कई चैनल बंद भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने टेलीग्राम पर संचालित कई संदिग्ध चैनल, ग्रुप और बॉट्स को हटाने की कार्रवाई की है। वहीं विभिन्न राज्यों की पुलिस एजेंसियों ने भी ऐसे साइबर गिरोहों के खिलाफ अभियान चलाया है।बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने 9 जून को पेपर लीक के नाम पर ठगी से सावधान रहने की चेतावनी जारी की थी। वहीं अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने आठ टेलीग्राम चैनलों के जरिए ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया, जिसने फर्जी बैंक खातों के माध्यम से करीब 1.5 करोड़ रुपये का लेनदेन किया और एक महीने में लगभग एक हजार लोगों से संपर्क किया था। लाखों उपयोगकर्ताओं पर पड़ेगा असरटेलीग्राम पर अस्थायी रोक का असर उन लाखों लोगों पर भी पड़ेगा जो इस प्लेटफॉर्म का उपयोग पढ़ाई, नौकरी, निजी संवाद और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए करते हैं। NTA ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि यदि किसी भी अभ्यर्थी को पेपर उपलब्ध कराने, परीक्षा में मदद दिलाने या किसी अन्य संदिग्ध ऑफर का संदेश मिले तो उसकी सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दी जाए। री-एग्जाम में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव NEET-UG री-एग्जाम के लिए NTA पहले ही नई गाइडलाइंस जारी कर चुकी है। अब परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। इसके अलावा अभ्यर्थियों को रफ वर्क के लिए पहले की तुलना में अधिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा और चार अलग-अलग रफ वर्क शीट दी जाएंगी। पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई थी परीक्षादेशभर में 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर उपलब्ध कराने के आरोप सामने आए थे। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। मेडिकल प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षाNEET (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, BAMS, BHMS, नर्सिंग तथा अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। इसके माध्यम से AIIMS, JIPMER सहित देश के प्रमुख मेडिकल संस्थानों में दाखिला मिलता है और हर वर्ष लाखों छात्र इसमें शामिल होते हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation 85% एथेनॉल से चलेगी देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल वैगन-आर, कीमत ₹7.24 लाख, पेट्रोल मॉडल से ₹86 हजार महंगी यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, 1000 से ज्यादा ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से किया वार