उदयपुर। फतहसागर झील रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे की गवाह बनी, जहां एक पर्यटक का पानी में गिरा मोबाइल फोन निकालने के प्रयास में एक बोट ऑपरेटर की जान चली गई। महंगे मोबाइल को वापस दिलाने की कोशिश ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। लोग इसे हादसा नहीं हत्या बता कर प्रशासन की नाकाम निगरानी को इसके लिए जिम्मेदार बता रहे हैं जिसने अपनी आंखें बद कर सब कुछ बोट चलाने वाली एजेंसी पर छोड़ दिया है। सुरक्षा उपायों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि जब बोटिंग कर्मचारी अपने साथी को बचाने तक का जोखिम नहीं उठा पाए तो फिर बड़ा हादसा होने पर वहां सुरक्षा के क्या उपाय हैं?? इनकी तैयारियों को कब परखा गया?? परखा गया भी या पूरा सिस्टम ही सेटिंग से चल रहा था?? सवाल बड़े हैं जिनके जवाब प्रशासन को ढूंढने ही होंगे।

घटना के बाद न केवल बोटिंग संचालन व्यवस्था बल्कि पर्यटकों की लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह भी साफ हो गया कि प्रशासन ने आंखें मूंद रखी है, सब कुछ राम भरोसे चल रहा है। मृतक की पहचान सरवैया विनोदभाई (66) निवासी भावनगर, गुजरात के रूप में हुई है, जो फतहसागर में संचालित उज्जैन बोटिंग से जुड़े हुए थे और लंबे समय से बोट संचालन का कार्य कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना मोती मगरी के सामने स्थित जेटी क्षेत्र के पास हुई। बोटिंग के दौरान एक पर्यटक झील के मनोरम दृश्यों के वीडियो और फोटो बना रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल हाथ से फिसलकर सीधे झील में जा गिरा। मोबाइल गिरने के बाद पर्यटक उसे वापस पाने के लिए बेचैन हो गया। बताया जा रहा है कि काफी देर तक मोबाइल निकालने की कोशिशें होती रहीं। इसी बीच बोट ऑपरेटर विनोदभाई सरवैया झील में उतरे और मोबाइल तलाशने के लिए डुबकी लगाई। आसपास मौजूद लोगों को लगा कि वह कुछ ही मिनटों में वापस बाहर आ जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। देखते ही देखते विनोदभाई गहरे पानी में ओझल हो गए और फिर वापस दिखाई नहीं दिए। कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी और हाहाकार मच गया।

पहले सिविल डिफेंस को दिया 20 हजार रुपए का प्रस्ताव

घटना ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया जब सिविल डिफेंस के सदस्य कैलाश मेनारिया ने एक महत्वपूर्ण खुलासा किया। कैलाश मेनारिया ने मीडिया से कहा कि हादसे से कुछ समय पहले गुजरात के एक पर्यटक का उनके पास फोन आया था। पर्यटक ने बताया कि उसका महंगा मोबाइल झील में गिर गया है और यदि मोबाइल निकाल दिया जाए तो वह 20 हजार रुपए देने को तैयार है।
कैलाश मेनारिया के अनुसार उन्होंने स्पष्ट रूप से मना करते हुए कहा कि वे निजी काम के लिए इस प्रकार का कार्य नहीं करते। उन्होंने बताया कि पर्यटक ने बाद में बड़े अधिकारियों से फोन करवाने और दबाव बनाने की बात भी कही, लेकिन उन्होंने अपनी बात पर कायम रहते हुए मना कर दिया।
मेनारिया के अनुसार करीब 20 मिनट बाद उन्हें सूचना मिली कि झील में मोबाइल तलाशने के दौरान एक व्यक्ति डूब गया है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।

15 मिनट में चला सर्च ऑपरेशन, जेटी के नीचे मिला शव

सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम, गोताखोर और अन्य बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए। तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
कैलाश मेनारिया ने बताया कि खोजबीन के दौरान विनोदभाई का शव जेटी के नीचे मिला। टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर शव को बाहर निकाल लिया और अंबामाता थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल) की मोर्चरी में रखवाया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई।

जेटी के नीचे फंसने और दम घुटने की आशंका

सिविल डिफेंस से जुड़े सूत्रों के अनुसार मोबाइल तलाशते हुए विनोदभाई जेटी के नीचे तक पहुंच गए थे। संभावना जताई जा रही है कि पानी के भीतर दिशा भ्रमित होने के कारण उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला और जेटी के नीचे फंस जाने से दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सब देखते रहे, बचाने कोई नहीं उतरा

घटना का सबसे दुखद पहलू यह भी बताया जा रहा है कि जब विनोदभाई पानी में उतरे, उस समय वहां बोटिंग से जुड़े अन्य कर्मचारी और लोग भी मौजूद थे। लेकिन जब वह लंबे समय तक बाहर नहीं आए तो किसी ने तत्काल पानी में उतरकर उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया। इससे मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनशीलता और आपातकालीन तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं जबकि फतहसागर झील में प्रतिदिन हजारों पर्यटक बोटिंग का आनंद लेने पहुंचते हैं। झील के बीच पहुंचते ही अधिकांश पर्यटक मोबाइल फोन को बोट से बाहर निकालकर वीडियो, रील्स और सेल्फी बनाते हैं। कई बार मोबाइल, कैमरे और अन्य सामान हाथ से छूटकर पानी में गिर जाते हैं।
हैरानी की बात यह है कि जिन हिस्सों में पर्यटक बैठते हैं वहां सुरक्षा के लिए न तो पर्याप्त जालियां लगी हैं और न ही ऐसा कोई सुरक्षा नेट है जो सामान को सीधे झील में गिरने से रोक सके। ऐसे में बार-बार इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading