उदयपुर। जिले के आदिवासी बहुल ऋषभदेव क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर ग्रामीणों को कथित रूप से प्रलोभन, लालच और दबाव देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और शेष वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 6 जून को कानुवाड़ा-बिलखाई फला दरा निवासी नानालाल पुत्र धनजी कलासुआ मीणा ने ऋषभदेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोपहर करीब 12 बजे उसे कानुवाड़ा बिलखाई फला में आयोजित एक धार्मिक सभा में बुलाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ता के अनुसार वहां करीब 150 से 200 लोगों की मौजूदगी में कुछ व्यक्तियों द्वारा ईसा मसीह की प्रार्थना और प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि सभा में मौजूद लोगों को ईसाई धर्म स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था तथा उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जा रहे थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे कहा गया कि यदि वह ईसाई धर्म स्वीकार कर लेता है तो उसकी बीमारी पूरी तरह ठीक हो जाएगी, उसके घर पर कुआं और हैंडपंप खुदवाया जाएगा तथा चमत्कारिक लाभ प्राप्त होंगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने इन बातों से स्पष्ट इनकार किया तो उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई।

शिकायत के आधार पर ऋषभदेव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 302, 196(1)(पी) तथा राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 की धारा 3/5(1) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजीव राहर के सुपरविजन में ऋषभदेव थानाधिकारी हेमन्त अहारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा ईसाई मिशनरी गतिविधियों के प्रचार-प्रसार और गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने संबंधी तथ्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हरिश पुत्र शंकरलाल (30) निवासी आमझरा फला करणी माता, थाना बिछीवाड़ा जिला डूंगरपुर, भैरूलाल पुत्र प्रभुलाल (28) निवासी गोरण लणवा फला, बाघपुरा जिला उदयपुर, अमित कुमार पुत्र हेमराज (43) निवासी राधिका नगर, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़), बाबूलाल पुत्र दिता उर्फ देवीलाल (28) निवासी दरा फला बिलखाई, कानुवाड़ा, शंकरलाल पुत्र दिता उर्फ देवीलाल (35), राकेश पुत्र दिता उर्फ देवीलाल (45), अनिल पुत्र राकेश (22), नारायण पुत्र बंशीलाल उर्फ बदा (40), दिनेश पुत्र कैलाश (30), पलाश गुलहानी पुत्र कुंडलिक (30) निवासी राजीव नगर, सुपेला, भिलाई (छत्तीसगढ़) तथा आशीष मसीह पुत्र अनिल (32) निवासी बिसरामपुर बीसपारा, जिला बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार इनमें से कई आरोपी कानुवाड़ा और बिलखाई क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, जबकि कुछ आरोपी छत्तीसगढ़ से आए हुए बताए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस आयोजन के पीछे कौन लोग सक्रिय थे, कार्यक्रम के लिए आर्थिक संसाधन कहां से आए और क्या इस प्रकार की गतिविधियां पूर्व में भी संचालित की गई थीं।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमन्त अहारी के साथ सहायक उप निरीक्षक रमेशचंद, सहायक उप निरीक्षक महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल हर्षित, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल कैलाश, कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल दशरथ सिंह, कांस्टेबल भंवर सिंह, कांस्टेबल आशुतोष, कांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल खैताराम तथा चालक सौरभ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की कार्रवाई की सराहना की है।

उल्लेखनीय है कि यह मामला राजस्थान में लागू राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 के तहत दर्ज प्रमुख मामलों में से एक माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जांच पूरी होने तक आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading