24 News Update ढिकोला. ढिकोला 5 जुलाई 2026 को उपतहसील मुख्यालय ढिकोला स्थित राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के बाहर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासनिक शिविर में दोबारा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद 10 दिन बीत जाने पर भी बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला सचिव एवं जनसेवक राजू जाट ने बताया कि बैंक परिसर के बाहर घनी आबादी वाले क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। सुरक्षा मानकों के अनुरूप पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा जाली या कवच नहीं है, वहीं कई स्थानों पर विद्युत तार खुले होने से आमजन की जान जोखिम में है।
उन्होंने बताया कि ढिकोला उपतहसील मुख्यालय के अंतर्गत करीब 12 से 15 ग्राम पंचायतें तथा 8 से 10 पटवार मंडल आते हैं। क्षेत्र का प्रमुख बैंक होने के कारण प्रतिदिन लगभग 1000 से 2000 लोग बैंक में लेन-देन के लिए पहुंचते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में लोगों का यहां आवागमन रहता है। ऐसे में बैंक के बाहर असुरक्षित विद्युत व्यवस्था किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
राजू जाट ने कहा कि प्रशासनिक शिविर में इस गंभीर समस्या को दोबारा मौखिक रूप से अधिकारियों के सामने रखा गया था। अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी बिजली विभाग ने न तो निरीक्षण किया और न ही कोई सुरक्षा उपाय किए। इससे ग्रामीणों में विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजस्थान विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुसार घनी आबादी वाले क्षेत्रों में उच्च वोल्टेज विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाने चाहिए, लेकिन ढिकोला में इन नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। यदि समय रहते ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया या आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराया जाए, ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा कवच लगाया जाए तथा 11 केवी लाइन और ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading