24 News Update उदयपुर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के योग एवं शारीरिक शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य पद पर कार्यरत डॉ. दिलीप सिंह चौहान को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
रजिस्ट्रार डॉ. तरूण श्रीमाली ने बताया कि डॉ. चौहान ने विगत वर्षों में माणिक्यलाल वर्मा श्रमजीवी महाविद्यालय, उदयपुर में कार्यवाहक निदेशक के पद पर रहते हुए लगभग 10 लाख रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएँ की हैं। इनके मद्देनजर विभागीय जांच समिति गठित की गई है। निलंबन के बाद डॉ. चौहान को केन्द्रीय कार्यालय में ए.पी.ओं किया गया है। डॉ. श्रीमाली ने कहा कि जांच कमेटी के गठन के बाद से डॉ. चौहान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर संस्थान की छवि धूमिल करने वाले भ्रामक और तथ्यहीन दावे फैला रहे हैं। जांच में डॉ. चौहान के खिलाफ जो प्रमुख आरोप सामने आए हैं, उनमें शामिल हैं: नियमित सेवा के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों, परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों में एक साथ भाग लेकर दोहरा लाभ प्राप्त करना। तथ्यों को छिपाकर नियमों के विपरीत शैक्षणिक डिग्रियाँ अर्जित करना। ट्रैक सूट, ब्लेज़र और अन्य सामग्री की खरीद में वित्तीय अनियमितता कर विश्वविद्यालय को आर्थिक हानि पहुँचाना।
पद के दुरुपयोग से हितों का टकराव उत्पन्न करना और पारिवारिक लाभ सुनिश्चित करना।
कर्तव्य में लापरवाही और विश्वविद्यालय की छवि को क्षति पहुँचाना। रजिस्ट्रार ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी निष्पक्षता और नियमों के तहत संपन्न होगी और जांच समिति सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों का गंभीरता से मूल्यांकन कर रही है। इस मामले की निगरानी स्वयं विश्वविद्यालय प्रशासन कर रहा है और निलंबन की अवधि के दौरान डॉ. चौहान की कोई प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं रहेगी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.