24 News Update जयपुर। राजस्थान में रेलवे अब सिर्फ पटरियों पर दौड़ती ट्रेनों का नेटवर्क नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में यह प्रदेश के विकास का बड़ा इंजन बनने की तैयारी में है। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जालोर रेलवे स्टेशन पर नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि भविष्य में राजस्थान में 200 से अधिक नई ट्रेनों के संचालन की क्षमता विकसित की जा रही है। इसके लिए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़े स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
आजादी के बाद पहली बार जालोर को सीधे दिल्ली से जोड़ने वाली रेल सेवा की शुरुआत के मौके पर रेलमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिट लाइनों, कोचिंग टर्मिनलों, यार्ड आधुनिकीकरण, रेलवे ट्रैक दोहरीकरण, ट्रैक स्पीड बढ़ाने और स्टेशन पुनर्विकास जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन कामों के पूरा होने के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्र में ट्रेनों की संख्या और परिचालन क्षमता दोनों में बड़ा इजाफा होगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है उनकी रखरखाव क्षमता का विस्तार। वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकार क्षेत्र में 22 पिट लाइनें हैं, जहां ट्रेनों का प्राइमरी मेंटिनेंस, निरीक्षण और तकनीकी जांच होती है। अब रेलवे इस क्षमता को लगभग दोगुना करने की दिशा में काम कर रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मदार, उमरा, लालगढ़, श्रीगंगानगर, हिसार, सूरतगढ़, खातीपुरा (जयपुर), बाड़मेर और जैसलमेर समेत कई स्थानों पर 20 नई पिट लाइनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है ताकि काम समय पर पूरा हो सके।
इसके साथ ही जयपुर के निकट भट्टो की गली क्षेत्र को मेगा कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है। यहां पिट लाइन, वॉशिंग लाइन, स्टेबल लाइन और सिक लाइन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रेलवे का उद्देश्य यहां वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के रखरखाव और संचालन की मजबूत व्यवस्था तैयार करना है।
रेलवे का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे की परिचालन क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी। इसका सीधा फायदा राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों, ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक शहरों को मिलेगा। नई रेल सेवाओं से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजस्थान में रेलवे विस्तार की यह तस्वीर ऐसे समय सामने आई है जब राज्य में लगातार बेहतर कनेक्टिविटी की मांग बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में आधुनिक स्टेशन, तेज रफ्तार ट्रैक और नई ट्रेनों के जरिए राजस्थान को देश के बड़े आर्थिक और पर्यटन केंद्रों से और मजबूत तरीके से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading