24 News Update लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारकर भारी मात्रा में सोना, चांदी, नकदी और करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है। करीब 26 घंटे चली कार्रवाई में टीम ने 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, हीरे के आभूषण, ₹1.62 करोड़ नकद और 15 से अधिक अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए। विजिलेंस के अनुसार बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये है।छापेमारी के दौरान टीम को नकदी घर की दीवारों, अलमारियों और अलग-अलग कमरों में पैकेटों में छिपाकर रखी हुई मिली। इसके अलावा सोने के बिस्किट, कीमती आभूषण और अन्य बहुमूल्य सामान भी जब्त किया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि बरामद 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी की अनुमानित कीमत ही करीब 20 करोड़ रुपये है।जांच में लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज और बालकगंज सहित कई स्थानों पर मकान, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा नोएडा में दो फ्लैट, जबकि बाराबंकी और रायबरेली में भी जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया गया है।विजिलेंस को तलाशी के दौरान टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक रिवॉल्वर, बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं। घर की साज-सज्जा और महंगे घरेलू सामान पर किए गए भारी खर्च के भी प्रमाण मिले हैं।विजिलेंस के मुताबिक, ललित कुमार मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले हैं और आगरा से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज होने के बाद आय और संपत्ति की जांच शुरू की गई। जांच में उनकी वैध आय 93.26 लाख रुपये, जबकि खर्च और निवेश 1.61 करोड़ रुपये पाया गया। यानी उन्होंने अपनी ज्ञात आय से 68.66 लाख रुपये (करीब 73.6%) अधिक खर्च और संपत्ति अर्जित की, जिसका संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।जांच के बाद विजिलेंस ने 7 जुलाई को अदालत से तलाशी वारंट लेकर लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में उनके आवास पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों की वैधानिक जांच जारी है। विजिलेंस अब यह भी पता लगा रही है कि बरामद संपत्ति में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा धन के स्रोत क्या हैं। मामले में आगे और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation केतन अग्रवाल हत्याकांड: युवक हिरासत में, हत्या की साजिश की जानकारी पहले से थी, ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर बनाया प्लान अमेरिका-ईरान तनाव फिर चरम पर: ट्रम्प बोले- ‘आज रात फिर करेंगे बड़ा हमला’; होर्मुज में हमलों के बाद 80 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक