अवैध हथियार, फायरिंग और सोशल मीडिया पर हथियारों की रील बनाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर, कुराबड़ में आर्म्स एक्ट का एक केस दर्ज उदयपुर। त्योहारों से पहले उदयपुर पुलिस ने अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ शुक्रवार को जिलेभर में एक साथ महाअभियान चलाया। पुलिस टीमों ने हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों और आर्म्स एक्ट के मामलों में पहले चालानशुदा बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर चेकिंग और पूछताछ की। अभियान में 221 हिस्ट्रीशीटर, 42 आर्म्स एक्ट के आरोपी और 7 अन्य सक्रिय एवं चालानशुदा अपराधियों को चेक किया गया। इस दौरान थाना कुराबड़ में 3/25 आर्म्स एक्ट का एक प्रकरण दर्ज किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें एक साथ सक्रिय रहीं। कार्रवाई की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश औझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में की गई। वृताधिकारियों और थानाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और ठिकानों पर अचानक दबिश दी। पुराने रिकॉर्ड खंगाले, वर्तमान गतिविधियों पर पूछताछ पुलिस ने विशेष रूप से उन अपराधियों को निशाने पर लिया, जिनके खिलाफ पहले आर्म्स एक्ट, अवैध हथियार रखने या फायरिंग के मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस टीमों ने इन बदमाशों की तलाशी लेने के साथ उनके पास मौजूद संदिग्ध साधनों की जांच की। साथ ही वर्तमान रोजगार, गतिविधियों और आपराधिक संपर्कों को लेकर थानों पर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आदतन बदमाशों के खिलाफ 129 बीएनएस के तहत पाबंदी की कार्रवाई भी की। अभियान का उद्देश्य अवैध आग्नेयास्त्रों की तस्करी और इनके इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना रहा। हथियारों के साथ रील बनाई तो भी कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध हथियार रखना, उनका प्रदर्शन करना, फायरिंग करना या सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करना भारी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ उन्हें संरक्षण या शह देने वाले तत्वों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों की निगरानी, चेकिंग और धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation अंबामाता फायरिंग का 12 घंटे से भी कम समय में खुलासा, पुलिस से बचने दौड़े बदमाश, गड्ढे ने रोक दी रफ्तार; तीन की टांगें टूटीं, एक ने पहन लिए जनाना कपड़े उमराह कराने का झांसा देकर ठगी करने का 13 साल से फरार 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी जहीर शाह गिरफ्तार