24 News Update जयपुर। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET)-UG 2026 री-एग्जाम में परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल से चीटिंग करने के आरोप में पकड़ी गई छात्रा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने छात्रा को न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल कस्टडी) में भेज दिया है। पेशी के बाद छात्रा चेहरा छुपाते हुए कोर्ट परिसर से बाहर निकली।
पुलिस ने छात्रा के पास मिले मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद यह साफ हो सकेगा कि मोबाइल का इस्तेमाल केवल प्रश्नों के जवाब खोजने के लिए किया गया था या प्रश्नपत्र की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की कोशिश भी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर छात्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कानून के तहत दोष सिद्ध होने पर पांच साल तक की सजा और 10 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।

बिंदायका परीक्षा केंद्र पर पकड़ी गई थी छात्रा
मामला बिंदायका स्थित परीक्षा केंद्र का है, जहां रविवार को परीक्षा के दौरान छात्रा हिमांशी तिवाड़ी (22) को मोबाइल से चीटिंग करने की कोशिश करते पकड़ा गया था। परीक्षा हॉल में मौजूद शिक्षक को छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी जांच की गई और उसके पास मोबाइल मिला। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने मोबाइल को अंडरगारमेंट्स में शर्ट के बटन के नीचे छिपाया हुआ था। छात्रा प्रेम नगर गुर्जर की थड़ी इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।

छात्रा ने बताया- AI की मदद से जवाब देखने के लिए लाई थी मोबाइल
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह परीक्षा के दौरान एआई (AI) की मदद से सवालों के जवाब खोजने के लिए मोबाइल लेकर आई थी। परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने मोबाइल जब्त कर पुलिस को सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा खत्म होने से करीब 15 मिनट पहले छात्रा के मोबाइल में नीट प्रश्नपत्र की तस्वीरें मिलीं। हालांकि परीक्षा केंद्र के आसपास जैमर सक्रिय होने के कारण वह तस्वीरें या अन्य जानकारी बाहर नहीं भेज सकी।

मेटल डिटेक्टर जांच में दिया था गलत जवाब
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान दो बार मेटल डिटेक्टर से अलर्ट मिला था। छात्रा ने सुरक्षा कर्मियों को बताया कि अलर्ट अंडरगारमेंट्स में लगे हुक के कारण आ रहा है, जिसके बाद उसे प्रवेश दे दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के अलावा परीक्षा केंद्र अधीक्षक और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा जांच के बावजूद मोबाइल परीक्षा कक्ष तक कैसे पहुंचा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading