24 News Update उदयपुर। सूरजपोल थाना पुलिस की टारगेट टीम ने अशोकनगर स्थित अमृतश्री कॉम्पलेक्स में 5 अगस्त को हुई 7 लाख रुपए की नकबजनी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गर्नेजा कार RJ27 CQ 0194 और चोरी की रकम बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार नवरतन कॉम्पलेक्स निवासी भगवतीलाल लोढ़ा ने रिपोर्ट दी थी कि उनका कंस्ट्रक्शन ऑफिस अमृतश्री कॉम्पलेक्स की चौथी मंजिल पर है। 4 अगस्त की शाम वह ऑफिस बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह कर्मचारियों ने फोन कर बताया कि रात में अज्ञात व्यक्ति लॉक खोलकर ऑफिस में घुसा और ड्रॉअर तोड़कर करीब 7 लाख रुपए चोरी कर ले गया।

कैमरों पर स्प्रे, काले कपड़ों में घुसा था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व वृताधिकारी छवि शर्मा के निकट पर्यवेक्षण में सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टारगेट टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में एक व्यक्ति पूरी तरह काले कपड़ों से शरीर ढंककर आरसीए कैंपस के पीछे के सुनसान रास्ते से अमृतश्री कॉम्पलेक्स में घुसता दिखाई दिया। आरोपी ने बिल्डिंग में लगे कैमरों पर ब्लैक पेंट स्प्रे कर दिया, ताकि उसकी पहचान कैमरों से न हो सके। वारदात के बाद आरोपी उसी रास्ते से आरसीए कैंपस में पहुंचा और चारे की घास की आड़ लेते हुए फतेह स्कूल के पास ब्रिज तक पहुंचा। यहां वह एक कार में बैठकर फरार हो गया।

कैमरों की कड़ी जोड़कर कार तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध वाहन का लगातार पीछा किया। इसी दौरान गर्नेजा कार RJ27 CQ 0194 पुलिस के रडार पर आई। वाहन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरी वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने करीब 14 दिन तक लगातार पड़ताल कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ट्रेडिंग में नुकसान हुआ तो चोरी का प्लान बनाया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हितेश कुमावत निफ्टी और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करता था। ट्रेडिंग में नुकसान होने और पैसों की जरूरत के चलते उसने अधिक रकम कमाने के लालच में चोरी की योजना बनाई। हितेश चोरी के तरीके वाली वेब सीरीज देखने का शौकीन था। पुलिस के अनुसार उसने ‘मनी हाइस्ट’ और ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ जैसी वेब सीरीज से प्रभावित होकर वारदात का तरीका तैयार किया। आरोपी ने अंधेरे और घनी घास वाले आरसीए कैंपस के पीछे के रास्ते को चुना। काले कपड़े पहनकर वह खुद को पूरी तरह ढंकते हुए अंदर पहुंचा और कैमरों पर स्प्रे करने के बाद चौथी मंजिल स्थित ऑफिस का लॉक खोलकर ड्रॉअर तोड़ा और 7 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस को भ्रमित करने के लिए दोनों आरोपी रातभर कार से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे।

ये आरोपी गिरफ्तार
हितेश कुमावत (32) पुत्र बालकिशन कुमावत, निवासी देसुरी, जिला पाली, हाल देवश्री अपार्टमेंट, तितरड़ी, उदयपुर।
अमित फिल्ड (21) पुत्र एरिक्शन फिल्ड, निवासी आसियाना कॉलोनी, बिलिया, उदयपुर।

पुलिस टीम: थानाधिकारी सूर्यभान सिंह, एएसआई ओमवीर सिंह, एएसआई शीशराम, एएसआई एवं अनुसंधान अधिकारी राजेशपाल सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार, शिवलाल तथा साइबर सेल के कांस्टेबल लोकेश रायकवाल शामिल रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading