24 News update उदयपुर। एक शहर में चोरी की तैयारी थी, लेकिन रात का गार्ड आड़े आ गया। गिरोह ने प्लान बदला और अगले ही दिन उदयपुर पहुंच गया। यहां पहले दुकान की रेकी हुई और फिर रात में ऐसा ऑपरेशन चला कि महज 79 मिनट में 350 ग्राम सोना, 12 किलो चांदी, 22 लाख रुपए के डायमंड और 9.75 लाख रुपए नकदी समेटकर बदमाश फरार हो गए। पंचवटी की ज्वेलरी शॉप में हुई करीब एक करोड़ रुपए की चोरी की इस वारदात में अब पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। हाथीपोल थाना पुलिस ने आगरा निवासी धनपाल उर्फ धांधु वर्मा को उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरोह का मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं।वारदात की परतें खुलीं तो सामने आया कि बदमाश सीधे उदयपुर चोरी करने नहीं आए थे। 28 जुलाई को धनपाल अपने साथियों मनोज कुमार उर्फ डॉक्टर, आनंद वर्मा और एक अन्य आरोपी के साथ आगरा से सीकर पहुंचा था। सभी खाटूश्याम मंदिर गए। दर्शन के बाद गिरोह पलसाना पहुंचा, जहां एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने की तैयारी थी।दुकान की रेकी हो चुकी थी और रात का इंतजार था, लेकिन बदमाशों की गणित उस समय बिगड़ गई जब दुकान पर गार्ड तैनात मिला। सुरक्षा देखकर गिरोह ने जोखिम नहीं लिया और सीकर का प्लान वहीं छोड़ दिया। अगली सुबह 29 जुलाई को चारों उदयपुर पहुंच गए।इस बार निशाना बना पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलरी शॉप। गिरोह ने पहले आसपास का जायजा लिया और दुकान की रेकी की। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के एक-दो सदस्य पहले उदयपुर में नौकरी कर चुके थे। शहर की जानकारी उनके लिए सबसे बड़ा फायदा बनी। उन्हें पता था कि कहां जाना है, किस दुकान को चुनना है और वारदात के बाद किस दिशा में निकलना है।फिर शुरू हुआ 79 मिनट का वह खेल, जिसने ज्वेलरी शॉप को करोड़ों के नुकसान में डाल दिया।बदमाश दुकान में दाखिल हुए और एक-एक कर सोने-चांदी के जेवर, डायमंड ज्वेलरी और नकदी समेटते चले गए। पुलिस के अनुसार वे करीब 350 ग्राम सोना, 12 किलो चांदी, 22 लाख रुपए के डायमंड और 9.75 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए।वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की तो एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। गिरोह के सदस्य पुलिस की तकनीकी निगरानी से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल तक नहीं करते थे। यही वजह रही कि उनकी लोकेशन पकड़ना आसान नहीं था। इसके बावजूद पुलिस ने लगातार सुराग जुटाए और जांच की कड़ियां उदयपुर से निकलकर उत्तर प्रदेश तक पहुंचीं। पुलिस को पता चला कि धनपाल इटावा में छिपा हुआ है। टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।अब पूछताछ का अगला निशाना गिरोह का मास्टरमाइंड है। पुलिस को उम्मीद है कि धनपाल से पूछताछ में फरार तीन आरोपियों के ठिकाने, चोरी की ज्वेलरी कहां पहुंचाई गई और वारदात के पीछे पूरा नेटवर्क कौन चला रहा था, इसकी जानकारी मिलेगी।मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें राजस्थान के अलावा दूसरे राज्यों में भी दबिश दे रही हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल चोरी की ज्वेलरी की बरामदगी का है।सीकर में गार्ड ने गिरोह का पहला प्लान बिगाड़ दिया था। लेकिन उसी गिरोह ने अगले दिन उदयपुर में निशाना बदलकर वारदात को अंजाम दे दिया। अब एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और बाकी तीन की तलाश जारी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation 10 अगस्त से 2 हजार कारोबारियों का कचरा निगम उठाएगा, इधर से डालेंगे कचरा, उधर यूजर चार्ज से भरेगा खजाना वन अधिकार से पेंशन और मनरेगा तक, 10 अगस्त को आदिवासी इलाकों में जेल भरो आंदोलन