24 News Update. उदयपुर। उदयपुर जिला परिषद के प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला ने शानदार जीत दर्ज की है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे घोषित हुए नतीजों में हिम्मत सिंह झाला को 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के लाल सिंह झाला को 20 वोट मिले। जीत का अंतर 7 मतों का रहा। जिला परिषद के कुल 47 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। जिला परिषद में भाजपा के पास 24 सदस्य होने के बावजूद हिम्मत सिंह झाला को 27 वोट मिले, जिससे यह साफ हो गया कि विपक्षी खेमे से 3 वोट क्रॉस हुए हैं। जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस को 22 सीटें और भारत आदिवासी पार्टी को 1 सीट मिली थी। आंकड़ों के लिहाज से भाजपा की स्थिति पहले से मजबूत थी, लेकिन क्रॉस वोटिंग ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया। हिम्मत सिंह झाला जिला परिषद के वार्ड 37 से 8030 मतों के सबसे बड़े अंतर से जीतकर जिला परिषद पहुंचे थे। वे युवा नेता के रूप में जाने जाते हैं और जिला प्रमुख पद के लिए शुरू से ही उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी। कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह झाला पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। उन्हें पंचायतीराज का लंबा अनुभव है। चुनाव प्रक्रिया जिला परिषद सभागार में पूरी कराई गई। सुबह 10 बजे बैठक की प्रक्रिया शुरू हुई, 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए और जांच के बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू हुई और नतीजे घोषित कर दिए गए। परिणाम आते ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। वहीं कांग्रेस खेमे में हार को लेकर मंथन शुरू हो गया है। कांग्रेस की ओर से स्वीकार किया गया है कि उनके खेमे से तीन वोट क्रॉस हुए हैं और पार्टी स्तर पर इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। गौरतलब है कि चुनाव से पहले भाजपा ने अपने सभी 24 निर्वाचित सदस्यों को रणकपुर क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में ठहराया था, जबकि कांग्रेस के सदस्य कोडियात स्थित एक रिसॉर्ट में रुके हुए थे। दोनों दलों को क्रॉस वोटिंग की आशंका सता रही थी। अब 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा, जबकि 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव होंगे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation शिल्पग्राम उत्सव के स्टॉलों की नीलामी 7 दिसंबर से, तीन दिन लगेगी खुली बोली