डूंगरपुर। जिला प्रमुख के चुनाव में लॉटरी से फैसला होने के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी ऐसा ही घटनाक्रम दोहराने की स्थिति बनती दिख रही है। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस ने एक बार फिर अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा। भाजपा की ओर से जिला उपाध्यक्ष एवं वार्ड 26 के सदस्य हितेश रावल ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने वार्ड 8 की सदस्य मंजूला रोत को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में मुकाबला भाजपा और बीएपी के बीच सिमट गया है। यदि कांग्रेस के सदस्य मतदान से दूर रहते हैं तो दोनों दलों के खाते में 14-14 वोट रहने की स्थिति बन सकती है। ऐसी स्थिति में बराबरी होने पर लॉटरी से फैसला हो सकता है। डूंगरपुर जिला परिषद में कुल 37 सदस्य हैं। बहुमत के लिए 19 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में भी भाजपा और बीएपी के बीच बराबरी की स्थिति बनने के बाद लॉटरी से फैसला हुआ था, जिसमें बीएपी की अनुतोष रोत जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। अब उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी दोनों दलों के बीच मुकाबला उसी दिशा में जाता नजर आ रहा है। हालांकि कांग्रेस की ओर से मतदान को लेकर अब तक कोई स्पष्ट रुख सामने नहीं आया है। भाजपा प्रत्याशी हितेश रावल ने गुरुवार सुबह जिला परिषद में अपना नामांकन दाखिल किया। वे वार्ड संख्या 26 से निर्वाचित सदस्य हैं और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। इससे पहले वे सागवाड़ा पंचायत समिति में उपप्रधान रह चुके हैं। नामांकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष पटेल ने जिला प्रमुख चुनाव में मिली हार के बाद उप जिला प्रमुख पद पर जीत का दावा किया। वहीं बीएपी ने तीन बार प्रधान रह चुकीं मंजूला रोत को प्रत्याशी बनाया है। वे वार्ड संख्या 8 से जिला परिषद सदस्य हैं। पार्टी की ओर से सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमति बनने के बाद उन्होंने भी नामांकन दाखिल किया। इस दौरान नवनिर्वाचित जिला प्रमुख अनुतोष रोत, बीएपी के संस्थापक सदस्य कांतिलाल आदिवासी और दिग्विजय सिंह चुंडावत मौजूद रहे। कांतिलाल आदिवासी ने भरोसा जताया कि जिला प्रमुख की तरह उप जिला प्रमुख का पद भी पार्टी के खाते में आएगा। अनुतोष रोत ने भी कहा कि बीएपी उप जिला प्रमुख बनाने के लिए आश्वस्त है। जिला परिषद के ईडीपी सभागार में चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर एक बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। यदि मतदान में दोनों दलों को बराबर मत मिलते हैं तो फैसला लॉटरी के जरिए हो सकता है। फिलहाल सबकी निगाहें कांग्रेस के रुख और मतदान के दौरान सदस्यों की मौजूदगी पर टिकी हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation डूंगरपुर में जिला प्रमुख की कुर्सी पर भाजपा-BAP की सीधी टक्कर, कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी, 14-14 के मुकाबले में 9 वोटों का गणित अहम कल खुली थी लॉटरी, आज फिर कांग्रेस के 1 वोट से डूंगरपुर में बनीं बाप की उप जिला प्रमुख