24 News Update सीकर। जिला परिषद में उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की। कांग्रेस के रमेश बेरवाल ने भाजपा के बाबूलाल गुर्जर को 37-12 के अंतर से हराकर उप जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। वार्ड 7 से पहली बार जिला परिषद सदस्य बने बेरवाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का करीबी बताया जाता है। नतीजे में 25 मतों का अंतर रहा, जो जिला परिषद में कांग्रेस के पक्ष में मजबूत समर्थन का संकेत देता है।इससे एक दिन पहले जिला प्रमुख के चुनाव में सामने आए उलटफेर के बाद उप जिला प्रमुख का परिणाम खास अहम हो गया था। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के पास 36 सदस्य होने के बावजूद प्रत्याशी को 33 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के 11 सदस्यों के मुकाबले उसके प्रत्याशी को 16 वोट मिले। इस तरह दोनों दलों के आंकड़ों में क्रॉस वोटिंग के संकेत सामने आए थे। हालांकि गुप्त मतदान के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि किस सदस्य ने किसे वोट दिया।जिला प्रमुख चुनाव के आंकड़ों ने भी कांग्रेस के भीतर वोटों के बिखराव की चर्चा को जन्म दिया था। 49 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 36, भाजपा के 11, माकपा का एक और एक निर्दलीय सदस्य है। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की सुनीता गठाला को 33 और भाजपा की सुनीता रणवां को 16 वोट मिले थे। यानी कांग्रेस के तीन वोट उसके प्रत्याशी के पक्ष में नहीं पड़े, जबकि भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से पांच अधिक वोट मिले। गुप्त मतदान के चलते इन वोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। मतदान के दौरान पुलिस-वकीलों में टकराव, गेट तोड़ाउप जिला प्रमुख के चुनाव के बीच जिला परिषद परिसर में पुलिस और वकीलों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अधिवक्ता महेंद्र ने कोतवाली थाना प्रभारी सुनील जांगिड़ पर अभद्रता का आरोप लगाया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में वकील परिसर में एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोका तो धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। इसी दौरान वकीलों ने जिला परिषद का बाईं ओर का गेट तोड़ दिया और धरने पर बैठ गए। बाद में वकील एसपी कार्यालय के बाहर भी जुटे और थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। उनका कहना था कि अब केवल माफी से बात नहीं बनेगी। इसी दौरान जिला प्रमुख सुनीता गठाला के पति धर्मेंद्र और गोकुलपुरा थाना प्रभारी राजाराम लेघा के बीच भी बस हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। कांग्रेस सदस्यों की बस एसपी कार्यालय के गेट पर रुकी थी। पुलिस अधिकारी ने एसपी की गाड़ी आने का हवाला देते हुए बस हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच बहस हुई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। उप जिला प्रमुख चुने जाने के बाद रमेश बेरवाल को समर्थकों ने कंधों पर उठा लिया। जिला प्रमुख सुनीता गठाला भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहीं। वकीलों के धरने के बीच जिला प्रमुख और नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख का वहां पहुंचना भी चर्चा का विषय रहा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation प्रतापगढ़ में भाजपा-बाप का मिले सुर मेरा तुम्हारा, तो उपजिला प्रमुख भी बने हमारा