जयपुर, 2 जुलाई। राजस्थान के लाखों युवाओं का इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) ग्रेजुएशन लेवल-2026 का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 4 जुलाई से शुरू होंगे और अगले एक महीने तक स्वीकार किए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि CET ग्रेजुएशन लेवल भविष्य में विभिन्न विभागों में होने वाली भर्ती परीक्षाओं के लिए पात्रता परीक्षा होगी। इसके माध्यम से प्लाटून कमांडर, पटवारी, जूनियर लेखाकार, तहसील राजस्व लेखाकार, महिला सशक्तिकरण विभाग में पर्यवेक्षक, एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) में पर्यवेक्षक, उप-जेलर, छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-II, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए अलग-अलग भर्ती विज्ञापन बाद में जारी होंगे, लेकिन आवेदन करने के लिए CET उत्तीर्ण होना अनिवार्य रहेगा। बोर्ड ने इस बार अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों और ऐसे अभ्यर्थियों को भी बड़ी राहत दी है, जिनका स्नातक का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, संबंधित भर्ती के समय विभागीय सेवा नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करना आवश्यक होगा। प्रत्येक भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तें संबंधित विज्ञापन में अलग से जारी की जाएंगी। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा 1 जनवरी 2027 को अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा अन्य आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था के तहत सामान्य वर्ग तथा क्रीमी लेयर ओबीसी एवं एमबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं राजस्थान के नॉन-क्रीमी लेयर ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा सभी दिव्यांगजन अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपए रखा गया है। परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर (OMR) आधारित होगी। प्रश्नपत्र में 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न होंगे, जो कुल 300 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि तीन घंटे रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई (1/3) अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। बोर्ड के अनुसार CET केवल पात्रता परीक्षा होगी। मुख्य भर्ती परीक्षा अथवा इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में होगी तथा आवश्यकता अनुसार प्रश्नपत्र द्विभाषी उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया सबसे पहले RSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर SSO ID से लॉगिन करें। जिन अभ्यर्थियों के पास SSO ID नहीं है, वे पहले पंजीकरण करें। इसके बाद One Time Registration (OTR) प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित शुल्क जमा करें। “CET Graduation Level-2026” के आवेदन लिंक पर क्लिक कर सभी आवश्यक जानकारी भरें। आवश्यक दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड कर सभी विवरणों का मिलान करने के बाद आवेदन पत्र अंतिम रूप से सबमिट करें। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation झूठे मुकदमों से दूसरों को फंसाने और पुलिस को गुमराह करने वालों पर राजस्थान पुलिस सख्त: एक महीने में 75 दोषियों को जेल-जुर्माना