24 News Update उदयपुर। अध्यापक भर्ती-2022 के संशोधित परिणाम से प्रभावित शिक्षकों को नियुक्ति के करीब तीन वर्ष बाद भी स्थाईकरण और वेतन नियमितीकरण का लाभ नहीं मिल पाया है। परिवीक्षा काल पूरा हुए करीब 10 माह बीत चुके हैं, लेकिन दर्जनों शिक्षक अब भी अल्प मानदेय पर काम करने को मजबूर हैं। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें लगभग 50 हजार रुपए मासिक नियमित वेतन की जगह महज 23,700 रुपए मानदेय मिल रहा है, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।इसी मांग को लेकर राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ 2022 में नियुक्त स्थाईकरण एवं वेतन नियमितीकरण से वंचित शिक्षकों ने शुक्रवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह चौहान के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक दुर्गेश मेनारिया से वार्ता की और ज्ञापन सौंपा।प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने बताया कि अध्यापक भर्ती-2022 के संशोधित परिणाम से उदयपुर जिले के 121 शिक्षक सहित प्रदेशभर के करीब 2,000 शिक्षक प्रभावित हुए हैं। संशोधित परिणाम के बाद शिक्षकों ने राजस्थान उच्च न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय ने इन शिक्षकों को नौकरी से नहीं हटाने के संबंध में आदेश जारी किया। इसके बाद सरकार ने भी आगे अपील नहीं करने का निर्णय लेते हुए संशोधित परिणाम से प्रभावित शिक्षकों के लिए छाया पद सृजित करने का निर्णय लिया, लेकिन अभी तक छाया पद सृजित करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।चौहान ने कहा कि दूसरी ओर इन शिक्षकों का परिवीक्षा काल पूरा हुए करीब 10 माह हो चुके हैं। इसके बावजूद स्थाईकरण और वेतन नियमितीकरण के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने शिक्षा सेवा नियम 27-बी का हवाला देते हुए कहा कि जिन शिक्षकों का दो वर्ष का सेवाकाल संतोषप्रद रहता है और किसी कारणवश उनका स्थाईकरण नहीं हो पाता, ऐसी स्थिति में नियुक्ति अधिकारी द्वारा वेतन नियमितीकरण के आदेश जारी करने का प्रावधान है। चौहान के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में इसी प्रावधान के तहत शिक्षकों के वेतन नियमितीकरण के आदेश जारी भी किए जा चुके हैं।शिक्षकों ने मांग की कि उदयपुर में भी नियमों के अनुसार तत्काल वेतन नियमितीकरण के आदेश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें नियमित वेतन का लाभ मिल सके और आर्थिक परेशानी से राहत मिले। वार्ता के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक दुर्गेश मेनारिया ने शीघ्र ही वेतन नियमितीकरण के आदेश जारी करवाने का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन व्यास, जिलाध्यक्ष प्रथम कमलेश शर्मा, जिलाध्यक्ष द्वितीय अरविंद मीणा, चंद्रशेखर परमार, सुरेश खंडारिया, चेतराम मीणा, राजीव कुमार वर्मा, पिंटू सिंह, अमृता विश्नोई, पूनम जोशी, नितेश कुमार, सुशीला सैनी, मोती सिंह, शंकर लाल, शंभू लाल और सौरभ सिंह गुर्जर सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जीवन में जागरण जरूरी, तभी होगा संसार से विरक्ति का भाव : आचार्य मुक्तिसागर सूरीश्वर 25 को पधारेंगे भाई साहब, 5 दिन का प्रवास, क्या होगा टिकट का ‘केसरी—दंगल’