— वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 का भव्य शुभारंभ

24 News Update उदयपुर, 25 मई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में जल संचय, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति के महाभियान ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उदयपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम दूधतलाई पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, प्रभारी सचिव टी. रविकांत तथा जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ प्रभात फेरी एवं कलश यात्रा निकाली गई तथा झील किनारे जल एवं पीपल पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण के साथ हुई। दूधतलाई स्थित वन विभाग की नर्सरी में केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी, प्रभारी सचिव टी. रविकांत, जिला कलक्टर श्री अग्रवाल, समाजसेवी प्रमोद सामर, गजपाल सिंह, पुष्कर तेली सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया। अतिथियों ने कहा कि जल और वन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा हर व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

गाजे-बाजे के साथ निकली प्रभात फेरी और कलश यात्रा

अभियान के तहत दूधतलाई स्थित मंदिर के समीप से प्रभात फेरी एवं कलश यात्रा आयोजित हुई। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं एवं युवतियों ने कलश धारण कर जल संरक्षण का संदेश दिया। वहीं स्काउट-गाइड, एनएसएस सहित स्वयंसेवकों ने हाथों में जल संरक्षण के बैनर और तख्तियां लेकर प्रभात फेरी में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और जल संरक्षण के नारों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी सहित सभी अतिथि शामिल हुए।

झील किनारे हुआ जल एवं पीपल पूजन

झील किनारे आयोजित विशेष कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी सहित सभी अतिथियों ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत जल एवं पीपल पूजन किया। इस अवसर पर जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। अतिथियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और वृक्षों का विशेष महत्व है तथा इनके संरक्षण से ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है।

जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

मंचीय कार्यक्रम के दौरान केबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने उपस्थित जनसमूह को जल एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने जल बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने एवं अधिकाधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया।

मंत्री श्री खराड़ी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महाअभियान है। उन्होंने आमजन से वर्षा जल संचयन, पौधरोपण और जल स्रोतों की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रभारी सचिव टी. रविकांत ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिलेभर में अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों एवं युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस दौरान अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई राजीविका की स्टॉल का उद्घाटन कर अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में समाजसेवी प्रमोद सामर, गजपाल सिंह, पुष्कर तेली, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, जिला परिषद सीईओ विरमाराम, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, मुख्य वन संरक्षक महेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading