24 News Update उदयपुर, 25 अप्रैल। रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में मरीजों को आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने की।बैठक में अस्पताल परिसर में मरीजों के आवागमन की समस्या को गंभीरता से उठाया गया। प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने बताया कि वर्तमान में एक चिकित्सालय से दूसरे चिकित्सालय तक मरीजों को स्ट्रेचर से ले जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर गर्मी और बरसात में काफी परेशानी होती है। इस पर त्वरित निर्णय लेते हुए राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने अपने सांसद मद से 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस देने की घोषणा की, जबकि लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने भी 3 एसी एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। लगभग 60 लाख रुपये की लागत से मिलने वाली ये 6 एम्बुलेंस मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण में सहायक होंगी।उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने अपने विधायक मद से 11 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने की घोषणा की, जिससे कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों की जांच सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े जनरेटर सेट खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही जिला कलेक्टर कार्यालय को भेजा जाएगा।बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई अन्य प्रस्ताव भी तैयार किए गए, जिन्हें आरएसएमएम को भेजा जाएगा। इनमें रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक ब्लड डोनेशन बस, हिरण मगरी सेटेलाइट चिकित्सालय के लिए सीटी स्कैन मशीन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए विशेष जनरेटर सेट और ऑडिटोरियम के लिए अत्याधुनिक ऑडियो एवं माइक सिस्टम शामिल हैं।संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने के निर्देश देते हुए अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह सहित महाराणा भूपाल चिकित्सालय, सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय, पन्नाधाय चिकित्सालय, टी.बी. चिकित्सालय (बड़ी), सेठ राम विलास भुवालका यक्ष्मा आरोग्य सदन, हिरण मगरी सेटेलाइट चिकित्सालय तथा सुंदर सिंह भंडारी जिला चिकित्सालय के अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation संविदा एस.एफ.एस. कर्मचारियों ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को लगाई न्याय की गुहार डकैती कांड में बड़ी गिरफ्तारी: 2 साल से फरार 2 हजार का इनामी आरोपी ओगणा पुलिस के हत्थे चढ़ा