डांगियों का गुड़ा के पांच मंदिर और तीन मकान खंगालने के बाद से चल रहा था फरार, पुलिस ने घोषित किया था 5 हजार रुपए का इनाम; गैंग के तीन सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके उदयपुर। एक ही रात में पांच मंदिरों और तीन मकानों के ताले तोड़कर चांदी की मूर्तियां, छत्र और दानपेटियों की नकदी चुराने वाली गैंग के फरार मुख्य सरगना को सुखेर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पांच हजार रुपए का इनामी आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल ओगणा क्षेत्र के घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों में छिपा हुआ था। पुलिस ने 15 नवंबर को दबिश देकर उसे पकड़ लिया। इस मामले में गैंग के तीन अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को सुखेर थाना क्षेत्र के डांगियों का गुड़ा गांव में बदमाशों ने एक साथ आठ ठिकानों को निशाना बनाया था। चोरों ने पांच मंदिरों और तीन बंद मकानों के ताले तोड़े। मंदिरों से चांदी की मूर्तियां, चांदी के छत्र और दानपेटियों को तोड़कर नकदी चुरा ले गए। वारदात के बाद गांव में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बना था। ग्रामीणों की मांग और घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। बंशीलाल डांगी की रिपोर्ट पर सुखेर थाने में प्रकरण संख्या 423/2026 दर्ज किया गया था। तीन साथी पकड़े, सरगना लगातार बदलता रहा ठिकाना पुलिस टीम ने जांच के दौरान गैंग के तीन सदस्यों मेघाराम, कमलेश और भैराराम को गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से चोरी की गई मूर्तियां और पूजा-पाठ का सामान भी बरामद किया गया। हालांकि, गैंग का मुख्य सरगना दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। फरारी के चलते जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने उस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओगणा थाना क्षेत्र के शीतला घाटी पड़ावली गांव का रहने वाला है। उसका ठिकाना घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाके में था। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने और पुलिस की गतिविधियों की भनक पहले लग जाने के कारण वह लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। कांस्टेबल अचलाराम को मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने 15 नवंबर को ओगणा के जंगलों में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले भी दर्ज गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश उर्फ दुर्गा लाल पुत्र काना रामा निवासी शीतला घाटी पड़ावली, थाना ओगणा के खिलाफ पूर्व में ओगणा थाने में आर्म्स एक्ट तथा राजसमंद जिले के नाथद्वारा थाने में नकबजनी और चोरी के मामले दर्ज रहे हैं, जिनमें पुलिस चालान पेश कर चुकी है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र सनाढ्य, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल अचलाराम, भारत सिंह और शिम्भू राम तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation खेरोदा में 625 श्रावकों ने की तेला तप की आराधना, आचार्य मानजी स्वामी का त्रिदिवसीय महोत्सव संपन्न कालका माता मंदिर में अन्नकूट की धूम, माताजी को चढ़ाया 56 व्यंजनों का भोग