चित्तौड़गढ़। दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुकीं ज्योति आमगे ने रविवार को पहली बार मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। महाराष्ट्र के नागपुर से अपने परिवार के साथ पहुंचीं ज्योति ने भगवान श्री सांवलिया सेठ के चरणों में देश, परिवार और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन ने उनका पारंपरिक सम्मान करते हुए उपरना ओढ़ाकर प्रसाद भेंट किया।

रविवार दोपहर ज्योति आमगे अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ श्री सांवलियाजी धाम पहुंचीं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन ने उन्हें मंदिर कार्यालय में आमंत्रित किया, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। दर्शन के बाद उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री सांवलिया सेठ का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव तथा मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी ने ज्योति आमगे का उपरना पहनाकर एवं प्रसाद भेंट कर सम्मान किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। ज्योति ने सभी का मुस्कुराकर अभिवादन किया और लोगों के स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया।

दर्शन के बाद ज्योति आमगे ने कहा कि लंबे समय से श्री सांवलियाजी धाम आने की इच्छा थी, जो अब पूरी हो गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह खाटूश्यामजी के दर्शन कर चुकी हैं, लेकिन पहली बार श्री सांवलियाजी आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने इस पल को अपने जीवन का बेहद भावुक और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच हो तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

32 वर्षीय ज्योति आमगे का कद करीब दो फीट है और उनका नाम दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तथा लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। जन्म से एकॉन्ड्रोप्लेसिया नामक बीमारी से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर वैश्विक पहचान बनाई। वह स्नातकोत्तर (एमए) तक शिक्षित हैं और कई फिल्मों तथा टेलीविजन परियोजनाओं में भी अभिनय कर चुकी हैं।

श्री सांवलियाजी धाम में उनकी मौजूदगी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ मुलाकात कर तस्वीरें खिंचवाईं और उनके संघर्ष तथा उपलब्धियों की सराहना की।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading