उदयपुर। भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), नई दिल्ली में आयोजित जनजाति गौरव सप्ताह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर आयोजित सेमिनार में उन्होंने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, जीवन दर्शन, ऐतिहासिक संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
डॉ. रावत ने कहा कि जनजातीय समाज का साहित्य और ज्ञान परंपरा अत्यंत समृद्ध है। इसे केवल आधुनिक लिखित साहित्य के दायरे में सीमित करके नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसकी जड़ें वाचिक परंपराओं, श्रुति परंपराओं, ऋग्वेद, रामायण के अरण्यकांड और महाभारत के वन पर्व जैसे प्राचीन ग्रंथों में भी दिखाई देती हैं। जनजातीय समाज की परंपराओं, लोककथाओं, गीतों, गाथाओं और सामुदायिक स्मृतियों में पीढ़ियों से संचित ज्ञान का विशाल भंडार मौजूद है। उन्होंने विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस ज्ञान परंपरा का अध्ययन करें तथा इसे अकादमिक विमर्श और शोध का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय जीवन मूल्य हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने, सामूहिकता को महत्व देने, संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी निभाने और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने की प्रेरणा देते हैं। जल, जंगल और जमीन के प्रति जनजातीय समाज का दृष्टिकोण केवल उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें संरक्षण, सह-अस्तित्व और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का भाव निहित है। आज जब पूरी दुनिया पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की चुनौतियों से जूझ रही है, तब जनजातीय समाज का पारंपरिक ज्ञान और जीवन दर्शन अत्यंत प्रासंगिक हो जाता है।
डॉ. रावत ने कहा कि भारत के मध्यकालीन और औपनिवेशिक इतिहास में जनजातीय समाज ने राष्ट्रीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अद्भुत साहस और संघर्ष का परिचय दिया। विभिन्न जनजातीय नायकों और समुदायों ने अन्यायपूर्ण सत्ता तथा औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष किया और अपने प्रतिरोध की परंपरा को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखा। यह इतिहास भारतीय राष्ट्र चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विरासत भी, विकास भी की भावना के साथ जनजातीय समाज के गौरव, अस्मिता और विकास को नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों के प्रति सम्मान का भाव मजबूत करना है।
डॉ. रावत ने कहा कि आज जनजातीय विकास की चर्चा केवल आर्थिक और भौतिक सुविधाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसमें जनजातीय समाज की अस्मिता, भाषा, संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और विशिष्ट पहचान को भी केंद्र में रखना होगा। विकास की ऐसी समग्र अवधारणा ही विकसित भारत के संकल्प को सार्थक बना सकती है। जनजातीय समाज की विरासत और आधुनिक अवसरों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर अरविंद कुमार, प्रोफेसर दीपक कुमार, प्रोफेसर विवेक कुमार, प्रोफेसर एस. प्रद्युमन, प्रोफेसर प्रियंका कौशल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षाविद् एवं कला साधक उपस्थित रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading