उदयपुर, 16 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर के चौथे दिन बड़ी संख्या में शहरवासियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

पीएम आवास योजना के लिए पात्र नागरिक करें संपर्क

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है तथा जिनके स्वामित्व वाले भूखंड पर कच्चा अथवा जर्जर मकान है, वे प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवेदन कर सकते हैं। पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण अथवा सुधार कार्य के लिए 2.50 लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकाधिक पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर आवेदन करने की अपील की।

मुख्यमंत्री स्वनिधि और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 130 आवेदन बैंकों को भेजे गए

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (पीएम स्वनिधि) के तहत रेहड़ी, ठेला और फुटकर विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने हेतु 130 आवेदन प्राप्त हुए। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद सभी आवेदन अग्रिम कार्रवाई एवं ऋण स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को प्रेषित कर दिए गए हैं।

आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर 154 स्थानों पर बहाल हुई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था

मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से स्ट्रीट लाइट बंद होने की 166 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम की विद्युत शाखा ने आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 154 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्य जारी है।

भवन अनुमति, नामांतरण और प्रमाण पत्रों का त्वरित निस्तारण

शिविर में भवन अनुमति शाखा द्वारा 4 भवन अनुमति प्रकरणों तथा राजस्व शाखा द्वारा 8 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जन्म-मृत्यु पंजीयन शाखा एवं विवाह पंजीयन शाखा से संबंधित 182 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 139 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।

वहीं सफाई व्यवस्था से संबंधित 66 शिकायतों में से 51 का तत्काल समाधान किया गया। शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।

महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने दी सेवाएं

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग के 523 विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से 73 नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

हरित उदयपुर के लिए 32 पौधों का रोपण

उद्यान शाखा, नगर निगम उदयपुर की ओर से शहर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न उद्यानों में 32 पौधों का रोपण किया गया। पौधों के संरक्षण एवं देखरेख की जिम्मेदारी स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं एवं संबंधित समूहों को सौंपी गई है।

यूडी टैक्स पर विशेष छूट का लाभ लेने की अपील

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अर्बन डेवलपमेंट (यूडी) टैक्स पर राज्य सरकार द्वारा 30 जून तक 10 प्रतिशत तथा 1 जुलाई से 30 सितंबर तक 5 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से समय रहते यूडी टैक्स जमा करवाकर इस छूट का लाभ लेने का आग्रह किया।

मंगलवार को 89 करदाताओं ने कुल 12 लाख 22 हजार 89 रुपये का यूडी टैक्स जमा कराया, जिससे नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर आगामी 15 जुलाई तक जारी रहेगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करेंगे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading