24 News Update उदयपुर। शहर में राहगीरों और महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, पर्स और बैग झपटने वाली एक सक्रिय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सविना थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, ह्यूमन इंटेलिजेंस और लगातार निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आदतन और शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को डिटेन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में शहर के विभिन्न इलाकों में अंजाम दी गई 10 वारदातों को कबूल किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में शहर में बढ़ती झपटमारी, चेन स्नैचिंग और महिलाओं से पर्स व मोबाइल छीनने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और नगर पूर्व वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनाओं के पैटर्न का विश्लेषण किया तो सामने आया कि एक ही प्रकार की वारदातें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार हो रही हैं। इसके बाद मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने झाड़ोल क्षेत्र के युवकों तक पहुंच बनाई और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।

पुलिस ने पारेवी फला कात्या, थाना झाड़ोल निवासी 19 वर्षीय जितेन्द्र उर्फ जेबला पुत्र बाबूलाल, पारेवी फला नाल घाटी निवासी 20 वर्षीय हंसमुख पुत्र हीरालाल तथा कन्धारिया पारेवी, थाना झाड़ोल निवासी 20 वर्षीय कमलेश पुत्र नाना को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गिरोह से जुड़े दो बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने 15 जून और 6 जून को शहर के विभिन्न इलाकों में की गई झपटमारी और चोरी की 10 वारदातों को स्वीकार किया है। आरोपियों ने 15 जून को आर्मी एरिया के आगे गोवर्धनविलास की ओर जा रही एक महिला का पर्स छीना था। इसी दिन सेक्टर-14 क्षेत्र में स्कूटी सवार दो महिलाओं से पर्स झपट लिया गया। चेतक सर्कल के पास पैदल जा रहे एक व्यक्ति का मोबाइल भी छीन लिया गया।

इसके अलावा 6 जून को उदियापोल क्षेत्र में स्कूटी सवार युवती का बैग झपट लिया गया था। गोवर्धनविलास क्षेत्र में पैदल जा रहे एक युवक का मोबाइल भी छीना गया। 15 जून को रामपुरा क्षेत्र में बाइक के पीछे बैठी महिला से बैग झपटने की घटना को भी इन्हीं आरोपियों ने अंजाम दिया था।

गिरोह ने उदियापोल में पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल छीना, वहीं गोवर्धनविलास क्षेत्र में स्कूटी पर जा रही एक युवती का बैग भी झपट लिया। इसी क्षेत्र में पैदल जा रहे एक अन्य युवक से मोबाइल छीनने की वारदात भी आरोपियों ने कबूल की है। इसके अलावा 6 जून को सेक्टर-11 क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी आपस में घनिष्ठ मित्र हैं और मौज-मस्ती तथा शराब पार्टी के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य शाम के समय अपने गांवों से मोटरसाइकिल लेकर उदयपुर शहर आते थे और कुछ ही घंटों में तीन से चार वारदातें करने के बाद वापस लौट जाते थे। वारदातों के लिए वे भीड़भाड़ वाले इलाकों, सुनसान मार्गों और महिलाओं या अकेले राहगीरों को निशाना बनाते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपी जितेन्द्र उर्फ जेबला के खिलाफ लूट और मारपीट के चार मामले दर्ज हैं। हंसमुख के खिलाफ चोरी, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कुल पांच मामले दर्ज हैं। वहीं कमलेश के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो प्रकरण दर्ज हैं।

सविना थाना पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इनसे शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य झपटमारी और चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस गिरोह से बरामद सामान और उनके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लादू जाट, सहायक उपनिरीक्षक मदन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण प्रताप सिंह, हितेन्द्र सिंह, समुन्द्र सिंह, भानुप्रकाश, कांस्टेबल मांगीलाल, छगनलाल, किशोर, झाड़ोल थाने के कांस्टेबल यशवंत सिंह तथा साइबर सेल उदयपुर के कांस्टेबल लोकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading