उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई) की एनएसएस इकाई–1 द्वारा चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत बुधवार को महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में गेम फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न टीम आधारित खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सीटीएई के अधिष्ठाता डॉ. सुनील जोशी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और खेल गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयंसेवकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विशेष शिविर के तहत किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज सेवा की भावना को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।
एनएसएस इकाई–1 के कार्यक्रम अधिकारी ई. विवेक मीणा ने बताया कि सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, गोद लिए गए गांव का भ्रमण, शैक्षणिक एवं प्रेरक व्याख्यान, जागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ भाग लेते हुए एनएसएस के आदर्श वाक्य “नॉट मी बट यू” की भावना को व्यवहार में उतार रहे हैं।
सहायक प्राध्यापक डॉ. रवि शंकर मेघवाल, श्री खेमराज मीणा, श्री विक्रम सीरवी एवं श्री बलराम शर्मा की उपस्थिति रही। गेम फेयर के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व कौशल और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहन मिला। सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ. जी. एल. मीना, मीडिया प्रकोष्ठ एवं जनसंपर्क अधिकारी ने यह जानकारी दी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.