24 News Update उदयपुर। घंटाघर थाना पुलिस ने पंचायती मस्जिद के पीछे हुई फायरिंग और चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात का 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में इरफान खान पठान, अरबाज खान और मोहम्मद हुसैन उर्फ मख्खी को गिरफ्तार किया है, जबकि मोहसीन और अर्जुन नामक दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और बदला लेने की कहानी सामने आई है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 20 मई 2026 की रात घंटाघर थाना क्षेत्र में पंचायती मस्जिद के पीछे यह वारदात हुई थी। परिवादी मोहसीन खान उर्फ पिनोक्यो ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्तों सलमान खान और नाजिब के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी और मोटरसाइकिल पर पांच युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि इनमें मन्नु उर्फ बड़ा मेवाती, मोहम्मद हुसैन, इरफान पठान और उनके दो साथी शामिल थे। आते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।

मोहसीन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने दोबारा गोली चलाई, जो सलमान खान की कमर में जा लगी। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला भी किया। घायल होने के बावजूद तीनों युवक वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा था। करीब डेढ़ महीने पहले मीठी ईद के दौरान सुखाड़िया सर्कल पर इरफान खान पठान के साथ मारपीट हुई थी। आरोप है कि उस समय मोहसीन पिनोक्यो, सलमान और नाजिब ने अपने साथियों के साथ मिलकर इरफान को घेरकर पीटा था। इसके अलावा कुछ दिन पहले हाथीपोल क्षेत्र में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हमला करने की योजना बनाई।

पिस्टल मंगवाई एमपी से
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मध्यप्रदेश से पिस्टल मंगवाई थी। बताया गया कि इरफान खान पठान ने जावरा निवासी मोहसीन के जरिए करीब 35 हजार रुपए में हथियार का इंतजाम किया। वारदात से पहले सभी आरोपी मस्ताना बाबा दरगाह के पास मिले और फिर स्कूटी व मोटरसाइकिल से हाथीपोल क्षेत्र पहुंचे। वहां उन्होंने मोहसीन पिनोक्यो, सलमान और नाजिब को देखकर हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी व ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस ने रामपुरा से आगे उबेश्वरजी रोड के पास दबिश देकर इरफान खान पठान, अरबाज खान और मोहम्मद हुसैन उर्फ मख्खी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान खान पठान थाना अंबामाता का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ उदयपुर के विभिन्न थानों में मारपीट और अवैध हथियार रखने के कुल 8 मामले दर्ज हैं। आरोपी अरबाज खान के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास के 2 मामले दर्ज हैं। वहीं इस मामले का परिवादी मोहसीन खान उर्फ पिनोक्यो भी घंटाघर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में गंभीर मारपीट और अवैध हथियारों के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। सलमान खान के खिलाफ भी मारपीट का एक मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों मोहसीन और अर्जुन की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार किन लोगों के जरिए उपलब्ध कराया गया और क्या इस पूरे मामले का संबंध किसी बड़े गैंग नेटवर्क से है।

टीम प्रभारी व सदस्यः-

  1. श्री कर्मवीर सिंह थानाधिकारी, घंटाघर।
  2. श्री दलपत सिंह थानाधिकारी, अम्बामाता ।
  3. श्री रामकुमार आरपीएस (प्रशिक्षु) पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय पश्चिम ।
  4. श्री अमजद खांन सउनि थाना अम्बामाता ।
  5. श्री अर्जुनसिंह सउनि थाना घण्टाघर ।
  6. श्री अर्जुनलाल सउनि थाना घण्टाघर ।
  7. श्री सत्यपाल हैड कानि. 52 थाना घण्टाघर ।
  8. श्री दिलीपसिंह हैड कानि. 2787 थाना घण्टाघर ।
  9. श्री राकेश कुमार हैड कानि. 1262 थाना घण्टाघर ।
  10. श्री सोहन कानि. 1297 थाना घण्टाघर ।
  11. श्री राजकमल कानि. 617 थाना अम्बामाता ।
  12. श्री ओमप्रकाश कानि. 3122 थाना अम्बामाता ।

Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading