उदयपुर। उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरके सर्कल इलाके में शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कैमिकल और पेंट की दुकान अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। दुकान में रखे अत्यधिक ज्वलनशील गील थिनर, सॉल्वेंट और पेंट सामग्री के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की भयावहता तब और बढ़ गई जब दुकान के भीतर रखे टीन के डिब्बे तेज धमाकों के साथ फटने लगे। जलता हुआ कैमिकल सड़क तक फैल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लपटों और धुएं के कारण राहगीर कई बार ठिठकते नजर आए, वहीं पुलिसकर्मी वाहनों को सावधानीपूर्वक डायवर्ट करते दिखाई दिए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान और पास के रेस्टोरेंट्स में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुखेर थानाधिकारी भरत योगी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। सुरक्षा के मद्देनजर, पास ही स्थित पेट्रोल पंप को तुरंत बंद करवाया गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई, ताकि किसी बड़े विस्फोट की आशंका को टाला जा सके। शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से पहुंची करीब 10 दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने फोम और पानी की बौछारों से आग को चारों ओर से घेरते हुए उसे अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फैलने से रोका। पुलिस और फायर टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए आसपास के रेस्टोरेंट्स से व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों को बाहर निकलवाया, ताकि किसी बड़े हादसे की संभावना खत्म की जा सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई सिगरेट की चिंगारी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। गनीमत रही कि समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई और लोगों की सतर्कता के चलते इस भीषण अग्निकांड में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation रेंज स्तरीय पुलिस क्विज-2026 में राजसमंद के मयंक साहू प्रथम, चित्तौड़गढ़ के अमन तिवारी द्वितीय, उदयपुर के हर्षित प्रजापत तृतीय