24 News Update उदयपुर। उदयपुर में आयोजित अखिल भारतीय किसान सभा के 15वें जिला सम्मेलन में केंद्र सरकार की कृषि, आर्थिक और निजीकरण नीतियों को लेकर जमकर हमला बोला गया। गुजराती समाज धर्मशाला में हुए सम्मेलन में किसान नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वामपंथी संगठनों के प्रतिनिधियों ने खेती, बेरोजगारी, फसल बीमा, महंगाई और किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए किसान सभा के राज्य अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पेमाराम ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि उत्पादों के आयात का रास्ता खोलकर देश के किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को बड़े औद्योगिक घरानों के हवाले करने की नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का मूल नारा “खेती उसकी, जो जोते उसकी” रहा है, लेकिन वर्तमान नीतियां किसानों को खेती और जमीन से दूर धकेल रही हैं। पेमाराम ने दावा किया कि किसान विरोधी नीतियों के चलते देश में प्रतिदिन हजारों किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों से स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लागत से 50 प्रतिशत अधिक समर्थन मूल्य देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक किसानों को उसका लाभ नहीं मिला। मनरेगा भुगतान और रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
सम्मेलन में समाजवादी नेता अर्जुन देथा ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर खतरा मंडरा रहा है और जनता को “दूसरी आजादी की लड़ाई” लड़नी पड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी राजशाही मानसिकता को बढ़ावा दे रही है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव राजेश सिंघवी ने कृषि आयात-निर्यात के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश का कृषि व्यापार संतुलन लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद, बीज और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उचित समर्थन नहीं मिल रहा। फसल बीमा योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसानों से करोड़ों रुपये प्रीमियम के रूप में लिए जाते हैं, लेकिन नुकसान होने पर मुआवजा नहीं मिलता।
आदिवासी जनअधिकार एका मंच के राज्य सचिव विमल भगोरा ने कहा कि गलत सरकारी नीतियों के कारण कृषि उपकरण, खाद, बीज, दवाइयां और डीजल लगातार महंगे हो रहे हैं। उन्होंने बाजार में नकली खाद और बीज बिकने तथा कृषि विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े किए।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता श्यामलाल डांगी ने कहा कि किसान पूरे देश का पेट भरता है, लेकिन योजनाओं का लाभ लेने के लिए उसे दफ्तर-दफ्तर भटकना पड़ता है। उन्होंने सरकारी पोर्टलों पर शिकायतों के बिना समाधान निस्तारित किए जाने पर भी नाराजगी जताई।
युवा वक्ता अनिल चौधरी ने बेरोजगारी और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “प्रश्नपत्र नहीं, नेता लीक हो जाते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और रोजगार व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है ताकि सवाल पूछने वाली पीढ़ी तैयार न हो सके।
सम्मेलन की शुरुआत किसान सभा के जिला अध्यक्ष जगदीश पारगी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। स्वागत समिति की ओर से आनंद पालीवाल ने अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
सम्मेलन में संगठन के जिला सचिव प्रभु लाल भगोरा ने पिछले चार वर्षों की गतिविधियों, आंदोलनों और संगठनात्मक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कई प्रस्ताव भी पारित किए गए। इस दौरान मजदूर नेता हीरालाल सालवी, गुमान सिंह राव, निवर्तमान पार्षद राजेंद्र वसीटा, नौजवान सभा के पूर्व सचिव अनिल पनोर, उपाध्यक्ष हेमेंद्र मेघवाल, जिला सचिव प्रेम पारगी और जिला अध्यक्ष शंकरलाल पारगी सहित बड़ी संख्या में किसान और प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading