24 News Update उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मकान के सेटबैक को लेकर वर्षों से चला आ रहा पड़ोसी विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। कोर्ट कमिश्नर की रिपोर्ट के बाद भड़के विवाद में 64 वर्षीय फाइनेंसर सागरमल पुत्र छगनलाल मेहता की लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहरभर में आक्रोश फैल गया। उधर, एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर जैन समाज सहित विभिन्न समाजों के सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन करते हुए तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोपी का पूरा मकान ध्वस्त करने, पीड़ित परिवार को मुआवजा और मृतक की पुत्रवधू को संविदा नौकरी देने की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। बढ़ते दबाव के बीच यूडीए ने आरोपी के अवैध निर्माण वाले हिस्से पर बुलडोजर चलाया, लेकिन परिजन पूरे मकान को जमींदोज करने की मांग पर अड़े रहे।

कोर्ट कमिश्नर की रिपोर्ट के बाद भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार खेरोदा के जैन मोहल्ला निवासी एवं वर्तमान में ओस्तवाल नगर में रहने वाले सागरमल मेहता और उनके पड़ोसी प्रवीण सिंह राव उर्फ आसोलिया के बीच मकान के सेटबैक और निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सागरमल ने अवैध निर्माण की शिकायत यूडीए में की थी, जिसके बाद निर्माण के एक हिस्से को सीज कर दिया गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था और अदालत ने अधिवक्ता सतीश श्रीमाली को कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया था। मंगलवार को कोर्ट कमिश्नर ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। आरोप है कि रिपोर्ट सागरमल के पक्ष में जाती देख प्रवीण सिंह आक्रोशित हो गया।

बेटे के सामने पिता पर बरसाए लात-घूंसे

कोर्ट कमिश्नर के मौके से जाने के कुछ देर बाद प्रवीण सिंह, उसके चचेरे भाई अनुराग राव और एक अन्य युवक ने सागरमल मेहता तथा उनके बेटे राहुल मेहता पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में तीनों आरोपी दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हमले के दौरान सागरमल सड़क पर गिर पड़े, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट जारी रखी। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान सागरमल ने दम तोड़ दिया। राहुल मेहता को भी चोटें आई हैं।

बेटे-बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के बेटे राहुल मेहता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी खुद प्रतापनगर थाने पहुंचकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार नहीं किया। वहीं मृतक की बेटी प्रीति मेहता ने आरोप लगाया कि प्रवीण सिंह पहले से परिवार को धमकियां देता था। उनके पिता ने अवैध निर्माण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी और निर्णय उनके पक्ष में आया था, लेकिन आरोपी नहीं माना। उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने सिर, चेहरे और सीने पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनके पिता की पसलियां और श्वास नली तक टूट गई।

मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

बुधवार सुबह से एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर जैन समाज सहित बड़ी संख्या में समाजजन जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और यूडीए के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अवैध निर्माण पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और पुलिस ने भी घटना के बाद तत्परता नहीं दिखाई। मौके पर पहुंचे उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

यूडीए ने गिराया अवैध निर्माण, परिजन नहीं माने

बाद में ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और यूडीए तहसीलदार विजय रैगर भी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी का निर्माण नहीं तोड़ा जाएगा, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। इसके बाद यूडीए ने दोपहर करीब 2.30 बजे प्रवीण सिंह के मकान के अवैध निर्माण वाले हिस्से को ध्वस्त कर दिया। हालांकि परिजन पूरे मकान को गिराने की मांग पर कायम रहे।

थाना प्रभारी के शव को ले जाने के दौरान भी बना तनाव

इस बीच एमबी अस्पताल में उस समय कुछ देर तनाव की स्थिति बन गई, जब दिवंगत अंबामाता थाना प्रभारी दलपत सिंह राठौड़ के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद भीलवाड़ा रवाना किया जा रहा था। प्रदर्शनकारी एंबुलेंस के सामने खड़े हो गए। मौके पर मौजूद थानाधिकारी आदर्श कुमार, मुकेश सोनी, भरत योगी और रविन्द्र चारण ने भीड़ को हटाकर रास्ता साफ कराया। बाद में लोगों को बताया गया कि एंबुलेंस में दिवंगत थाना प्रभारी का पार्थिव शरीर है, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वाहन को जाने दिया।

डीएसपी छवि शर्मा को सौंपी जांच

मामले में एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि जांच डीएसपी छवि शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस ने प्रवीण सिंह राव (आसोलिया), अनुराग राव और एक अन्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वायरल वीडियो भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading