24 News Update उदयपुर, 25 अगस्त। नगर निगम चुनाव को लेकर माकपा ने वार्ड नंबर 31 से युवा छात्रा मुस्कान राही को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। गोसिया कॉलोनी में आयोजित सभा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सर्वसम्मति से मुस्कान राही को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग रखी। नागरिकों ने कहा कि वार्ड को ऐसा प्रतिनिधि चाहिए, जो शिक्षित होने के साथ सरल, ईमानदार और क्षेत्र की समस्याओं को समझने वाला हो।सभा में कच्ची बस्ती फैडरेशन की वरिष्ठ कार्यकर्ता मुन्नी आपा ने कहा कि गरीब परिवारों को जमीन और छत दिलाने के संघर्ष में लाल झंडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इसी संघर्ष के कारण कच्ची बस्तियों में रहने वाले लोगों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हौसला मिला। मुन्नी आपा ने कहा कि वार्ड 31 में इस बार लाल झंडे के उम्मीदवार को जीताकर यह विजय कॉमरेड बी.एल. सिंघवी को समर्पित की जाएगी।उन्होंने पुराने संघर्ष को याद करते हुए बताया कि एक समय कॉमरेड बी.एल. सिंघवी के साथ मिलकर कई दिनों तक प्लॉट और मकानों की छतों की रक्षा के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सामना करना पड़ा था।माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि जब जनता ने लाल झंडे का साथ दिया, तब इन बस्तियों का विकास हुआ और आज यहां हजारों लोग निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन इसी तरह मिलता रहा तो गरीब और वंचित वर्ग के लिए बेहतर व्यवस्था तैयार की जा सकती है।सिंघवी ने भाजपा और कांग्रेस की नीतियों को गरीब एवं कच्ची बस्ती विरोधी बताते हुए कहा कि माछला मगरा की कच्ची बस्तियों को बसे हुए 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान दोनों दलों की सरकारें सत्ता में रहीं, लेकिन बस्तीवासियों को उनके मकानों के पट्टे नहीं मिल सके।उन्होंने कहा कि सरकारें माछला मगरा की बस्तियों के वन भूमि पर होने का हवाला देकर पट्टे देने से इनकार करती हैं, जबकि इसी वन भूमि का इस्तेमाल खनन और रिसोर्ट निर्माण के लिए किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों को जंगल की जमीन देने में कोई बाधा नहीं आती, लेकिन गरीबों को उनके मकान का पट्टा देने के समय वन भूमि का मुद्दा सामने खड़ा कर दिया जाता है। सिंघवी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को बस्तीवासियों का एक भी वोट पाने का अधिकार नहीं है।सभा में रशीदा खान ने कहा कि उनके परिवार का लाल झंडे के साथ पुराना रिश्ता है और वे इसे मजबूत करने के लिए तन-मन-धन से काम करेंगी। उन्होंने कहा कि वार्ड 31 की जनता दूसरे राजनीतिक दलों के बहकावे में नहीं आएगी। स्थानीय नागरिकों की मांग के बाद माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने मुस्कान राही को वार्ड नंबर 31 से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया। इस दौरान नागरिकों ने कहा कि मुस्कान राही शिक्षित, युवा, सरल स्वभाव और ईमानदार हैं तथा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपयुक्त उम्मीदवार हैं।उम्मीदवारी की घोषणा के बाद मुस्कान राही ने कहा कि उन्हें वार्ड 31 से लाल झंडे का उम्मीदवार बनाए जाने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि वह लाल झंडे के संघर्ष और गौरव को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएंगी। राही ने कहा कि आम जनता के सहयोग से वार्ड की समस्याओं का समाधान कराने और उसे आदर्श वार्ड बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में नूर जहां आपा, रज्जाक भाई, विनोद, बिटो बाजी, गणपत भाई, राजेश, गोविन्दा, वसीम, रेशमा आपा, बेबी सोलंकी, मेहरून निशा, फरजान, बानो राही, अशवाक खान, रजिया, मेजबनी, परवीन, रूकसार, मोनू भाई, रबीया, पुष्कर, अर्जुन, शबाना, हसीना, मुमताज, रानी बानो, रूकसाना, इरफाना, अफसाना, जमीला आपा और सानिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने माकपा प्रत्याशी मुस्कान राही को समर्थन देते हुए वार्ड 31 से उन्हें पार्षद चुनाव में विजयी बनाने की अपील की। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई, व्यवस्थापक के प्राधिकार पत्र निलंबित नाबालिग को घर से ले जाने के बाद मौत, परिजनों को बिना बताए अंतिम संस्कार, एसपी से जांच की मांग