24 News Udpate उदयपुर, 25 अगस्त। पानरवा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके शव का परिजनों की जानकारी के बिना अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की मां और क्षेत्र के सरपंच ने आरोप लगाया है कि बच्ची को कुछ लोगों द्वारा पहले घर से ले जाया गया था। बाद में उसकी मौत की सूचना परिजन को दी गई, लेकिन शव के अंतिम संस्कार की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। मंगलवार को पीड़ित पक्ष ने उदयपुर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।मृतका की मां के अनुसार, कुछ महीने पहले उसकी 16 वर्षीय बेटी को कुछ लोग अपने साथ ले गए थे। परिजनों ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। कुछ समय बाद आरोपियों की ओर से कुछ लोग घर पहुंचे और मां को बताया कि उसकी बेटी उनके पास है। उन्होंने मामले को सामाजिक स्तर पर निपटाने की बात कही। मां ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया तो कथित तौर पर उन लोगों ने बच्ची को वापस भेजने से इनकार कर दिया और वहां से चले गए। परिजनों का कहना है कि 9 अगस्त को बच्ची अचानक खुद घर वापस लौट आई थी। हालांकि, अगले ही दिन कथित रूप से वही लोग दोबारा घर पहुंचे और बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजन लगातार उसकी जानकारी लेने का प्रयास करते रहे। परिजनों के मुताबिक, 22 अगस्त को उन्हें सूचना मिली कि बच्ची की मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग आरोपियों द्वारा बताई गई जगह पर पहुंचे। वहां बच्ची का शव पड़ा था और पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान परिजनों को कथित तौर पर जानकारी मिली कि बच्ची करीब चार माह की गर्भवती थी। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने शव को झाड़ोल स्थित मोर्चरी में रखवाया था। उनका कहना है कि अगले दिन जब वे वहां पहुंचे तो उन्हें पता चला कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और शव को ले जाकर आरोपियों की ओर से अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार से पहले उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। मृतका की मां और सरपंच ने पूरे घटनाक्रम को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्ची को पहले घर से ले जाने, उसके बाद वापस आने और फिर दोबारा ले जाने से लेकर उसकी मौत तथा शव के अंतिम संस्कार तक की परिस्थितियों की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने पुलिस से यह भी मांग की है कि बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका सामने लाई जाए।मंगलवार को पीड़ित पक्ष उदयपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग रखी। परिजनों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही नाबालिग की मौत, उसे ले जाने और शव के अंतिम संस्कार से जुड़े पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation वार्ड 31 से माकपा ने मुस्कान राही को बनाया उम्मीदवार, स्थानीय नागरिकों ने जताया समर्थन माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाली मनस्वी अग्रवाल का अग्रवाल समाज ने किया भव्य सम्मान