24 News Update उदयपुर। अपनी सेवाएं जारी रखने और नौकरी सुरक्षित रखने की मांग को लेकर निविदा नर्सेज का संघर्ष लगातार जारी है। पिछले कई दिनों से विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर रहे सैकड़ों निविदा नर्सेज ने शुक्रवार को राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (आरएनए) के बैनर तले एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन को ज्ञापन सौंपकर सेवा समाप्त नहीं करने की मांग उठाई।राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया ने बताया कि जिलाध्यक्ष प्रवीण चरपोटा के नेतृत्व में पहुंचे नर्सिंगकर्मियों ने अधीक्षक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कई निविदा नर्सेज पिछले तीन से चार वर्षों से अल्प मानदेय पर लगातार सेवाएं दे रहे हैं और अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय इस नौकरी में समर्पित कर चुके हैं। ऐसे में यदि उन्हें सेवा से हटा दिया जाता है तो वे बेरोजगार हो जाएंगे और परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो जाएगा। ज्ञापन के दौरान कई नर्सिंगकर्मी अपनी व्यथा बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सीमित वेतन में वर्षों तक कार्य करने के बाद अब नौकरी जाने की आशंका ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है। एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने प्रतिनिधिमंडल से सकारात्मक चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि निविदा नर्सेज की समस्याओं से विभागीय अधिकारियों और जयपुर स्तर पर सरकार को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन की ओर से भी इनकी सेवाएं सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद निविदा नर्सेज ने सांसद मन्नालाल रावत के निवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और नौकरी से नहीं हटाने का अनुरोध किया। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाकर नौकरी बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान आरएनए के संरक्षक सत्यवीर सिंह तंवर, जिलाध्यक्ष प्रवीण चरपोटा, संभागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया, नर्सिंग अधीक्षक चंद्र प्रकाश सिसोदिया, सकीला अंसारी, कृष्ण अवतार गुप्ता, दीपक मेघवाल, मुकेश डामोर, दिव्यांशु, अजय, रमेश, धनराज सहित बड़ी संख्या में निविदा नर्सेज मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation झीलों की नगरी में 600 से अधिक सीए की मौजूदगी में आयोजित दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का समापन गंगू कुंड बाग में पौधारोपण कर दी श्रद्धांजलि, एयर इंडिया विमान हादसे के दिवंगतों की स्मृति में लगाए पौधे