24 News Update बांसवाड़ा। कानून की रखवाली करने वाली वर्दी जब खुद कानून को ताक पर रख दे, तो भरोसे की नींव हिलना तय है। बांसवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पाटन थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छोटी सरवा पुलिस चौकी के हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामला वाहन सुपुर्दगी और नुकसान भरपाई की फाइल को आगे बढ़ाने के बदले अवैध वसूली का है।
फाइल आगे बढ़ाने की कीमत तय
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के अनुसार, परिवादी के परिचित का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसमें परिवादी की निजी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रकरण पाटन थाने में दर्ज हुआ और जांच हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह को सौंपी गई। आरोप है कि सुरेंद्र सिंह ने वाहन सुपुर्दगी की फाइल तैयार करने और नुकसान की उचित राशि दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की और लेन-देन के लिए अपने मुंशी कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह को आगे कर दिया। परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने पहले सत्यापन कराया, जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका स्पष्ट हो गई। इसके बाद शनिवार को जाल बिछाया गया। तय योजना के अनुसार, कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह ने जैसे ही 2 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर मौजूद हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह को भी षड्यंत्र में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई एसीबी महानिरीक्षक राजेश सिंह और उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के साथ-साथ उनके आवासों की तलाशी भी ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह वसूली किसी बड़े पैटर्न का हिस्सा तो नहीं।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.