नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET पर लगा दाग अब सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं रह गया है। राजस्थान से निकली जांच ने एक ऐसे नेटवर्क की तस्वीर सामने रखी है, जहां परिवार ही पूरा “ऑपरेशन सिस्टम” बन गया। याने फैमिली बिजनेस हो रहा है। पिता सौदा तय कर रहे थे, बेटे खरीदार खोज रहे थे और मेडिकल सीटों के सपनों की कीमत तय हो रही थी—10 लाख रुपए प्रति छात्र।
जयपुर के जमवारामगढ़ से जुड़े दो भाई—मांगीलाल बिंवाल और दिनेश बिंवाल—अब जांच एजेंसियों के शिकंजे में हैं। आरोप है कि परीक्षा से बहुत पहले ही दोनों ने 26 अप्रैल को ही 30 लाख रुपए में NEET का पेपर हासिल किया और फिर अपने बेटों के जरिए आगे बेचने का काला धंधा शुरू किया। दोनों बेटे सीकर में रहकर NEET की तैयारी कर रहे थे और यहीं से नेटवर्क को सबसे मजबूत जमीन मिली।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कोई अचानक किया गया अपराध नहीं था। पूरी तैयारी के साथ छात्रों की सूची बनाई गई। मांगीलाल के बेटे विकास ने अपने संपर्क में मौजूद जूनियर छात्रों को चिन्हित किया। मोबाइल नंबर जुटाए गए, चैट ग्रुप बनाए गए और फिर उन छात्रों तक पहुंच बनाई गई जो किसी भी कीमत पर परीक्षा में अपनी मेडिकल सीट सुरक्षित करना चाहते थे।

पेपर को “गेस पेपर” नहीं, बल्कि “असली पेपर” बताकर बेचा गया। हर छात्र से करीब 10 लाख रुपए वसूले गए। राजस्थान SOG के पास ऐसे लगभग 150 छात्रों की जानकारी है, जिन तक यह पेपर पहुंचाया गया। यदि जांच में यह आंकड़ा सही साबित होता है तो यह पूरा नेटवर्क करोड़ों रुपए के अवैध सौदे की ओर इशारा करता है।

पूरे खेल का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह तरीका है, जिससे भरोसा पैदा किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी छात्र-छात्राओं को नेताओं, मंत्रियों और अफसरों के साथ तस्वीरें दिखाते थे। वीडियो कॉल पर फार्महाउस, राजनीतिक पोस्टर और रसूख का प्रदर्शन किया जाता था। यानी पेपर के साथ “सिस्टम तक पहुंच” भी बेची जा रही थी।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं हो सकता। CBI अब उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जिनका संबंध दूसरे राज्यों और पुराने पेपर लीक मामलों से हो सकता है। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मोबाइल चैट, बैंक खातों और कैश ट्रांजैक्शन की गहन जांच चल रही है।

दिलचस्प यह भी है कि इस पूरे मामले की पहली कड़ी छात्रों तक पहुंचने से खुली। SOG को पहले ऐसे अभ्यर्थी का पता चला, जिसने कई अन्य छात्रों को पेपर बांटा था। पूछताछ की परतें खुलीं तो नेटवर्क सीधे पिता और चाचा तक जा पहुंचा।

लेकिन इस केस ने एक और खतरनाक सच सामने रखा है—प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव अब सिर्फ पढ़ाई की लड़ाई नहीं रह गया। यहां सफलता खरीदने का बाजार तैयार हो चुका है। मेडिकल कॉलेज की सीट अब मेहनत, प्रतिभा और संघर्ष से पहले “नेटवर्क” और “पैसे” के तराजू पर तौली जा रही है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading