24 News Update बांसवाड़ा, 10 जुलाई। बीमा राशि हासिल करने के लिए एक निर्दोष युवक की बेहद क्रूर तरीके से हत्या करने के मामले में बांसवाड़ा जिला एवं सत्र न्यायालय ने दोषी को आजीवन कारावास और एक लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने माना कि आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत युवक को नशीला पेय पिलाकर बेहोश किया और बाद में उसकी पहचान मिटाने के उद्देश्य से कार से कई बार कुचलकर हत्या कर दी।जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम सुरेश प्रसाद ने सदर थाना क्षेत्र के पलोदरा गांव निवासी दिनेश को हत्या सहित विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई। न्यायालय ने अपराध की गंभीरता और उसकी क्रूरता को देखते हुए कठोर दंड सुनाया। बीमा क्लेम के लिए रची थी साजिशअभियोजन के अनुसार मामला दिसंबर 2024 का है। आरोपी दिनेश ने अपने जीवन बीमा की राशि हड़पने के उद्देश्य से अपनी ही मौत का झूठा नाटक रचने की योजना बनाई। इसके लिए उसने गांव के युवक कालू को शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। युवक के बेहोश होने पर आरोपी ने उसे अपने कपड़े पहनाए, ताकि शव की पहचान उसी के रूप में हो सके।इसके बाद आरोपी कालू को सुनसान सड़क पर ले गया और कार से उसके ऊपर तीन बार वाहन चढ़ा दिया। चेहरे और सिर को इस कदर कुचल दिया कि शव की पहचान करना मुश्किल हो जाए और मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो। टैटू बना आरोपी के खिलाफ सबसे बड़ा सबूतअगले दिन सड़क किनारे क्षत-विक्षत शव मिलने पर शुरुआती पहचान संभव नहीं हो सकी। हालांकि मृतक के हाथ पर गुदे हुए ‘कालू’ नाम के टैटू से उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर आरोपी दिनेश को गिरफ्तार किया। ठोस साक्ष्यों के आधार पर हुई सजामामले की जांच तत्कालीन सदर थानाधिकारी एवं अनुसंधान अधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने की। जांच के दौरान वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में मजबूत आरोप पत्र पेश किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक योगेश सोमपुरा ने प्रभावी पैरवी करते हुए अदालत में 23 गवाहों के बयान और 98 दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए।सभी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास तथा एक लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation गुरु पूर्णिमा महा-महोत्सव 2026: उत्तम सेवा धाम जानामेड़ी आश्रम में होंगे धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा के विविध आयोजन निर्माणाधीन पुल के गड्ढे में गिरी बाइक, रातभर तड़पते रहे दो दोस्त, दोनों की मौत