उदयपुर। चुनाव निपटने की देर थी। अतिक्रमण हटाने का खेल फिर शुरू हो गया है। लोग हैरान हैं कि वे लंबे समय से कीड़े मकौड़ों की तरह से रेंगते भिड़ते हुए सड़क पर रास्ता तय कर रहे थे। कई बार शिकायतें कीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालीं मगर हुआ कुछ नहीं, आज अचानक निगम के दस्ते को पता नहीं क्या सपना आ गया कि अतिक्रमण हटाना है और अचानक अतिक्रमण हट भी गया। कई जगह से हटाया गया। लोग हैरान हैं कि अतिक्रमण दस्ते की आंखें सदा खुली रहती हैं या छठे चौमासे कोई पावरफुल नेता या अफसर आकर कुछ समय के लिए आखें खोल कर चला जाता है। उसके बाद अतिक्रमण हटने की रस्म अदायगी होती है और फिर पूरा का पूरा दस्ता ही ध्यान मग्न होकर आंखें बंद कर लेता है। यह सवाल इसलिए भी उठे कि कोई छोटे मोटे अतिक्रमण तो थे नहीं, कहीं कोई एकाध टेबल कुर्सी तो लगे नहीं थे कि दिखाई नहीं दिए। यहां तो पूरी की पूरी सड़क को घेरने का इंतजाम कर रखा था। अतिक्रमण लंबे समय से था। तो तब क्या अतिक्रमण दस्ते की आंखों में मोतियाबिंद हो रहा था या कहीं कोई जेबें गर्म करके या नेताओं से कहलवा कर रास्ता रोक रहा था। अतिक्रमण तब भी था और आज हटने के बाद तक भी था। लोग पूछ रहे हैं कि अतिक्रमण करने पर आंख बंद करने की नसीहत किसने दी थी और अब हवा किसने भर दी जरा इन सभी नामों का खुलासा तो हो ही जाना चाहिए। यदि नहीं होता है तो यह सब खेल जैसा लगता है, चाहो जिससे खेल हो। जिससे कोई कसर पड़ जाए, उसका अतिक्रमण जब चाहो, तोड़ आओ। क्योंकि सरकारी अफसरों व कर्मचारियों को पनिशमेंट करने का कोई सिस्टम ही नहीं है हमारे यहां पर। ये अतिक्रमण करने देते हैं, अतिक्रमण हो जाते हैं, जनता शिकायतें कर कर के हार जाती हैं मगर टस से मस नहीं होते हैं, उल्टा रौब् झाड़ते हैं। मगर किसी नेता ने फूंक मार दी तो तुरंत अतिक्रमण हटवा कर खबरें जारी करते हैं, हीरो बन जाते हैं। जबकि सबसे पहली कार्रवाई इन पर होनी चाहिए कि तुम्हारे होते हुए अतिक्रमण हो कैसे गया??? तुम तनख्वाह किस बात की ले रहे हो??? क्यों ना तुमको अतिक्रमण हटाने से पहले चार्जशीट दी जाए और सर्विस बुक में टिप्पणी की जाए?? असल खेल यही है। अतिक्रमण अफसरों व नेताओं शह पर होता है और उन्हीं की शह पर हटता भी है। ये कैसे हो सकता है कि एक आम आदमी को परेशानी हो तो कहीं सुनवाई नहीं, और अगर मेयर साहब को जाम दिख गया तो तुरंत अतिक्रमण पर एक्शन। आज उदयपुर में सूरजपोल से गुलाबबाग जाने वाली सड़क पर दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटवाए गए। लंबे समय से हालात विकट थे मगर शहर के सांसद, विधायक से लेकर किसी भी नेता ने पहल नहीं की। जनता को अपने हाल पर छोड़ रखा था। आज अचानक रविवार को अवकाश के दिन नगर निगम की राजस्व शाखा की टीम को अंतरज्ञान हो गया कि लोग परेशान है, तो किसी बड़े हाथी के कहने पर मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंच गई।निगम की टीम ने सूरजपोल से गुलाबबाग रोड पर बाबूजी जोधपुर मिष्ठान भंडार के बाहर बने अस्थायी स्ट्रक्चर को हटाया। दुकान के बाहर सड़क सीमा में बना यह स्ट्रक्चर यातायात में बाधा बन रहा था। इसके आगे ग्राहकों की गाड़ियां भी सड़क पर खड़ी रहती थीं, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर आवाजाही प्रभावित होती थी। इसी प्रकार से प्रताप चाट कचोरी के बाहर भी निगम ने कार्रवाई की। थैले को हटाया गया। इलेक्ट्रिक भट्टी, काउंटर और अन्य सामान जब्त किया। दोनों प्रतिष्ठानों को आगे सड़क सीमा में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। सवाल कार्रवाई पर नहीं, कार्रवाई के समय पर हैकार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इस मार्ग पर अतिक्रमण और सड़क पर वाहनों की पार्किंग कोई नई समस्या नहीं है। पुराने पुलिस कंट्रोल रूम से गुलाबबाग की ओर जाने वाले इस रास्ते पर मिष्ठान और नाश्ते की दुकानों के बाहर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रहती है। वीकेंड पर हालात भयानक हो जाते हैं। सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से कई बार पूरा रास्ता जाम की स्थिति में पहुंच जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि यदि सड़क सीमा में अतिक्रमण और वाहनों की वजह से आम लोगों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी और शिकायतें भी सामने आ रही थीं, तो निगम की कार्रवाई पहले क्यों नहीं हुई? क्या निगम को कार्रवाई के लिए उस समय का इंतजार था, जब जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाए कि शहर का प्रथम नागरिक भी मौके पर उतरकर यातायात संभालने लगे????? नेताओं के दौरे से बदलती है तस्वीर?आम लोग रोज इस मार्ग से गुजरते हैं और जाम झेलते हैं, लेकिन कार्रवाई रविवार को ही हुई। ऐसे में शहर में यह चर्चा भी स्वाभाविक है कि क्या किसी जनप्रतिनिधि के मौके पर पहुंचने के बाद ही प्रशासनिक तंत्र तेजी से सक्रिय होता है। अगर ऐसा है तो भगवान करे रोज कोई ना कोई ताकतवर जन प्रतिनिधि जाम में जरूर फंसें ताकि समाधान निकल सके। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation एएफसी विमेंस एशियन कप 2027 क्वालिफायर के लिए इंडिया U-17 टीम में ज़िंक फुटबॉल एकेडमी की सोनम घोष का चयन स्वास्थ्य निरीक्षक के सूने घर में धावा, 4.25 लाख का माल पार; गैंती से ताला तोड़ा, CCTV भी तोड़कर भागे