उदयपुर। डबोक थाना पुलिस ने मकान निर्माण में इस्तेमाल होने वाली शटरिंग सामग्री किराये पर लेकर उसे बेचने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विश्वास में लेकर 1500 शटरिंग प्लेट, 1000 जैक और दो मिक्सर मशीन किराये पर ली थीं, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर सामान बेच दिया। मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 6 लाख रुपए का माल बरामद कर चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवीलाल डांगी निवासी मुस्लिम मोहल्ला, दरोली (थाना डबोक) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका शटरिंग सामग्री किराये पर देने का व्यवसाय है। जनवरी 2026 में शाहिद मोहम्मद पुत्र शराफत अली ने उनसे संपर्क कर निर्माण कार्य के लिए शटरिंग प्लेट, जैक और मिक्सर मशीन किराये पर मांगी। दोनों के बीच प्रतिमाह 1.50 लाख रुपए किराया तय हुआ था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में 50 हजार रुपए ऑनलाइन और 1 लाख रुपए नकद देकर एक माह का किराया चुकाया। इसके बाद दो माह बीतने पर जब किराया मांगा गया तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। संदेह होने पर जब परिवादी निर्माण स्थल पर पहुंचा तो वहां उसका कोई भी सामान नहीं मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी शटरिंग सामग्री बेच चुका था। ट्वंटी फोर न्यूज अपडेट के अनुसार, मामले में डबोक थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल के सुपरविजन में डबोक थानाधिकारी गोपालनाथ के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहिद मोहम्मद (38) पुत्र शराफत अली, निवासी अलफलग अपार्टमेंट, कानोदर, पालनपुर (गुजरात), हाल 716 पुरोहितों का खुर्रा, थाना घंटाघर, उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया। ट्वंटी फोर न्यूज अपडेट को मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रकरण में पहले श्रवण कुमार (46) निवासी रैन बसेरा के पास, प्रतापनगर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से 340 लोहे के जैक सहित करीब 6 लाख रुपए का चोरी का माल बरामद किया गया था। कार्रवाई में थानाधिकारी गोपालनाथ, हेड कांस्टेबल जगदेव सिंह, भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल नरपत, जयनारायण और रोहित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब बेचे गए शेष सामान की बरामदगी और पूरे धोखाधड़ी नेटवर्क की जांच में जुटी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation चोरी का सामान खरीदने वाला गिरफ्तार: 65 इंच का डिजिटल बोर्ड बरामद