आयड़ जैन मंदिर के उपाश्रय में चल रही नवपद आयंबिल ओली के दौरान गूंजे धर्म के प्रवचनउदयपुर, 23 अक्टूबर। आयड़ जैन मंदिर के उपाश्रय में इन दिनों जैन धर्म की पावन आराधना नवपद आयंबिल ओली पूरी तन्मयता के साथ चल रही है। इस धार्मिक अनुष्ठान के पावन अवसर पर मालव मार्तंड प्रज्ञाप्रेमी आचार्य डॉ. मुक्तिसागर सूरि महाराज और मुनि मनमुक्ति सागर महाराज के सानिध्य में नियमित प्रवचनमाला जारी है।महासभा के महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि प्रवचन के दौरान आचार्य मुक्तिसागर सूरि महाराज ने धर्म के मूल आधार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सम्यग्दर्शन से ही संसार का सही दर्शन होता है।” उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सम्यग्दर्शन धर्म का प्रवेश द्वार है। इसके बिना न तो ज्ञान प्रमाणित हो सकता है और न ही चरित्र रूपी वृक्ष फलीभूत हो सकता है। महाराज श्री ने बताया कि देव, गुरु और धर्म की तत्वत्रयी में ही दर्शन, ज्ञान और चारित्र की रत्नत्रयी का समावेश है। सम्यग्दृष्टि आत्मा की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि वह संसार का सुख भोगते हुए भी उसमें आसक्त नहीं होती; सांसारिक सुख उसे मिल सकते हैं, किंतु वे उसे कभी अच्छे नहीं लगते। आचार्यश्री ने सम्यग्दर्शन की प्राप्ति के बाद जीवन में आने वाले बदलावों को स्पष्ट करने के लिए महान ऐतिहासिक और पौराणिक पात्रों का उदाहरण दिया। श्रेणिक महाराजा की तरह वह दु:ख में दीन नहीं होता। भरत चक्रवर्ती की तरह सुख में लीन नहीं होता। रावण की तरह पाप में मस्त (पीन) नहीं होता। मयणासुंदरी की तरह बुद्धि में हीन नहीं होता। कुमारपाल महाराजा की तरह धर्म में कभी कमजोर (क्षीण) नहीं होता। आगर जैन संघ में आयंबिल ओली की आराधना बेहद उत्साह के साथ चल रही है। प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे तक आचार्यश्री के नियमित प्रवचन हो रहे हैं, जिसके उपरांत तपस्वियों द्वारा आयंबिल की आराधना संपन्न की जा रही है। इस आयोजन से पूरे आगर क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर भोपाल सिंह परमार, भोपाल सिंह नाहर, कुलदीप नाहर, चन्द्र सिंह, अशोक जैन, राजेंद्र जावरिया, प्रकाश नागौरी, हेमंत सिंघवी, राजेश जावरिया, दिनेश बापना, अभय नलवाया, कैलाश मुर्डिया, चतर सिंह पामेचा, सतीश कच्छारा, दिनेश भंडारी, चिमनलाल गांधी, प्रद्योत महात्मा, रमेश सिरोया, कुलदीप मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation 13 फीट लंबे पत्रक में उकेरी पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की स्मृतियां न्यू आरटीओ ऑफिस के पास रेस्टोरेंट में लगी आग, फर्नीचर और कीमती सामान जला