— सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने शिविर में बुलाकर दिए तत्काल राहत के निर्देश

24 News Update सलूंबर। जयसमंद पंचायत समिति की ओड़ा ग्राम पंचायत के डाक पलटा घाटी निवासी जन्मजात दृष्टिबाधित पिंटू मीणा की वर्षों पुरानी पीड़ा आखिरकार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गई। सरकारी योजनाओं से वंचित रहने की उनकी व्यथा 24 न्यूज अपडेट की खबर के माध्यम से सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। झाड़ोल ग्राम पंचायत में आयोजित जन कल्याण शिविर परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। शिविर में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने स्वयं पिंटू मीणा को मंच पर बुलाकर उनकी पूरी बात सुनी और मौके पर मौजूद सभी विभागों के अधिकारियों को पात्रता के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जन कल्याण शिविर के जिला प्रभारी एवं भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्षों से योजनाओं से वंचित इस परिवार को अब किसी भी स्तर पर भटकना नहीं पड़े और सभी विभाग समन्वय के साथ राहत सुनिश्चित करें।
निर्देश मिलते ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पिंटू मीणा के आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू कर दी। उन्हें दिव्यांगजन से संबंधित योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, आवास, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य पात्र सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। पूरे प्रकरण की निगरानी की जिम्मेदारी सराड़ा तहसीलदार आस्था बामनिया को सौंपी गई है। वे स्वयं इस मामले का फॉलोअप करते हुए यह सुनिश्चित करेंगी कि पिंटू मीणा को सभी स्वीकृत योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिल सके।

14 वर्षों से लगा रहे थे सरकारी दफ्तरों के चक्कर
गौरतलब है कि 32 वर्षीय पिंटू मीणा जन्म से ही दोनों आंखों से दृष्टिबाधित हैं। दिव्यांग होने के कारण वे कोई रोजगार करने में सक्षम नहीं हैं। उनके परिवार में पत्नी कांता मीणा, आठ वर्षीय पुत्र नीतेश तथा छह वर्षीय पुत्र कमलेश हैं। पूरा परिवार ओड़ा ग्राम पंचायत के डाक पलटा घाटी क्षेत्र में एक जर्जर कच्चे केलूपोश मकान में रहकर बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन-यापन कर रहा है।
परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी पत्नी कांता मीणा पर है, जो मजदूरी करने के साथ गाय, भैंस और बकरी पालन तथा सीमित कृषि कार्य कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करती हैं। कई बार मजदूरी नहीं मिलने अथवा बीमारी की स्थिति में परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का संकट तक खड़ा हो जाता है।
सबसे चिंताजनक तथ्य यह रहा कि जन्मजात दृष्टिबाधित होने के बावजूद पिंटू मीणा पिछले 14 वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उन्हें दिव्यांग पेंशन तक स्वीकृत नहीं हो सकी। परिवार का बीपीएल राशन कार्ड भी नहीं बनाया गया। एपीएल श्रेणी में होने के कारण वे दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, शौचालय योजना, कुटीर ज्योति बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से लगातार वंचित रहे। पिंटू मीणा ने कई बार संबंधित विभागों में आवेदन दिए, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। समाजसेवी प्रताप सिंह मीणा ने भी प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करते हुए कहा था कि परिवार सभी मानकों पर पात्र होने के बावजूद योजनाओं से वंचित है और इसका तत्काल सर्वे कराकर सभी सरकारी लाभ उपलब्ध कराए जाने चाहिए। जन कल्याण शिविर में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के हस्तक्षेप के बाद पहली बार इस परिवार को योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। मौके पर ही विभिन्न विभागों द्वारा दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होने से परिवार ने राहत की सांस ली है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading