24 News update उदयपुर, 13 जून। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में 17 जून को आयोजित होने वाला हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व का आयोजन होगा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह समारोह हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्र विमर्श को नए सिरे से स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य उन ऐतिहासिक तथ्यों को सामने लाना है, जिन्हें लंबे समय तक अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया। प्रो. शर्मा ने बताया कि 17 जून को सुबह 9:30 बजे महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में आयोजित राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत संबोधित करेंगे। उनके अनुसार यह आयोजन महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। दो लाख पत्रकों से घर-घर पहुंचेगी हल्दीघाटी की गौरवगाथा प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय की 450वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों का समापन इसी सभा के साथ होगा। इसके लिए हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा पर आधारित दो लाख पत्रक छपवाकर उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, सलूम्बर, अजमेर, ब्यावर, जयपुर, जोधपुर, कोटा, झालावाड़ सहित गुजरात और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक हजार से अधिक संत-महात्माओं, पांच हजार प्रबुद्धजनों और देशभर से 500 से अधिक समाजसेवियों को आमंत्रित किया गया है। 20 से अधिक समितियां संभाल रही हैं जिम्मेदारी कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए आवास, यातायात, मंच सज्जा, भोजन, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता और स्वागत सहित 20 से अधिक समितियों का गठन किया गया है। हजारों कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं तथा प्रताप गौरव केन्द्र में केंद्रीय समन्वय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। 30 हजार लोगों की भागीदारी का अनुमान आयोजकों के अनुसार समारोह में 25 से 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए करीब दो लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल डोम बनाया जा रहा है, जिसमें 20 हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था होगी। गर्मी से राहत के लिए पंखे, मिस्ट सिस्टम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आगंतुकों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हल्दीघाटी की मिट्टी से बनाई जा रही महाराणा प्रताप और डॉ. मोहनराव भागवत की कलाकृति होगी। कलाकार मनोहर कलार्थी इस अनूठी रचना को तैयार कर रहे हैं। मंच के सामने मिट्टी से कुम्भलगढ़ और चित्तौड़गढ़ की प्रतिकृतियां तथा हल्दीघाटी युद्ध के दृश्य भी उकेरे जाएंगे। बाहर से आने वाले अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था भोजन व्यवस्था प्रमुख नानालाल वया ने बताया कि बाहरी जिलों से आने वाले आगंतुकों के लिए 25 हजार से अधिक भोजन पैकेट तैयार किए जा रहे हैं, जिनका वितरण पार्किंग स्थलों पर किया जाएगा। वितरण प्रमुख धीरज बोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लौटते समय वाहनों तक भोजन पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे। 15 जून से लगेगी मेवाड़ शौर्य प्रदर्शनी प्रदर्शनी प्रमुख डॉ. रमन सूद ने बताया कि 15 जून से महाराणा भूपाल स्टेडियम में तीन दिवसीय ‘मेवाड़ शौर्य प्रदर्शनी’ आयोजित होगी, जिसमें मेवाड़ के वीरों, वीरांगनाओं और ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। चिकित्सा सुविधा और प्लास्टिक मुक्त आयोजन चिकित्सा व्यवस्था समिति के डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और आपातकालीन चिकित्सा दल की तैनाती रहेगी। प्रत्येक टीम में महिला चिकित्सक भी शामिल होंगी ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।आयोजकों ने बताया कि समारोह को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। अतिथियों के लिए मिट्टी के पात्रों का उपयोग किया जाएगा तथा कूड़ेदानों में भी पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर पेयजल और ई-रिक्शा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation प्रिया कुमावत, लज्जा भटट् को मिली पीएच.डी. की उपाधि राष्ट्रीय मंच पर चमका सेंट एंथनी स्कूल, ‘गौरी की गौरव गाथा’ ने जीता सर्वश्रेष्ठ बाल नाटक का खिताब