नई दिल्ली। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती स्लीपर एसी बस देखते ही देखते आग का गोला बन गई। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर हुए इस हादसे में बस में सवार 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। हादसा रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर 9 शव बाहर निकाले। पहले आई जलने की गंध, फिर धुएं से भर गई बस एफआईआर में यात्री सुनील कुमार के हवाले से बताया गया है कि आग लगने से पहले बस में जलने जैसी गंध आ रही थी। आरोप है कि यात्रियों ने इसकी शिकायत की, लेकिन ड्राइवर और क्लीनर ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसी दौरान बस में धुआं फैलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक किसी ने उन्हें जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। देखते ही देखते बस में चीख-पुकार मच गई और धुआं भर गया। यात्रियों ने खिड़कियां तोड़ीं और बाहर निकलकर जान बचाई। हादसे में घायल रेखा भारद्वाज ने बताया कि वह अपने पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थीं। आग लगने के बाद भागने की कोशिश में वह बस के अंदर ही गिर गईं और कई लोग उनके ऊपर से निकलते हुए बाहर भागे। बाद में वह सड़क पर मिलीं, लेकिन उनके पति का अभी तक पता नहीं चल पाया है। AC में स्पार्क या ब्लास्ट से आग की शुरुआती आशंका चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने की आशंका सामने आई है। इसके बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और आग के तेजी से पूरी बस में फैलने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आग लगने के बाद बस को तत्काल नहीं रोका गया और यात्रियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हादसे से पहले ही बस के खिलाफ 19 चालान इस हादसे के बाद बस के पुराने रिकॉर्ड ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार बस नंबर BR 32 PA 8647 राज कल्पना ट्रैवल्स की है और इसके खिलाफ पहले से 19 चालान हो चुके हैं। इन चालानों में कुल 1 लाख 75 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया था, जो अभी तक जमा नहीं हुआ। रिकॉर्ड के मुताबिक बस के खिलाफ यात्रियों को बैठाने के साथ माल ढोने, बिना लाइसेंस और परमिट से जुड़े उल्लंघनों के भी चालान हुए हैं। बस का पहला चालान वर्ष 2024 में किया गया था। हादसे के बाद परिवहन विभाग ने बस के दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। तय सीमा से ज्यादा ऊंची मिली बस आरटीओ के मोटर वाहन निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता के अनुसार बस की ऊंचाई भी निर्धारित मानक से अधिक मिली। जहां बस की अधिकतम ऊंचाई 3.8 मीटर निर्धारित है, वहीं जांच में इसकी ऊंचाई करीब 4.1 मीटर बताई गई है। बस का पंजीकरण बिहार के मधुबनी जिले का बताया गया है, जबकि फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान और प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी होने की जानकारी सामने आई है। दो घंटे चला रेस्क्यू, शवों की पहचान चुनौती आग बुझाने के बाद करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। कई शव पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। जेवर प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सूची के आधार पर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच भी कराई जा सकती है। हादसे के बाद करीब 20 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे की एक लेन पर यातायात भी प्रभावित रहा। मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए गए हैं। हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की स्लीपर बसों में सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, वाहन फिटनेस और पुराने यातायात उल्लंघनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इन सवालों के जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation आईफोन 18 प्रो खरीदने दुबई पहुंच रहे भारतीय, कीमत में ₹30-36 हजार तक का अंतर, वीजा, आने—जाने का भाड़ा निकाल लो तो भी सस्ता