विदेश में बैठे गैंगस्टर ने सौंपी थी जिम्मेदारी, 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान को बताया जा रहा निशाने की वजह; दिल्ली के कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग का भी था प्लान मुंबई/नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर फायरिंग की साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से इस योजना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो शार्पशूटर विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे। पुलिस के अनुसार, दीपक को अमिताभ के घर के बाहर गोलियां चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि विकास को दिल्ली में एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करनी थी। जांच में इस साजिश के पीछे 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा विवाद भी सामने आया है। अमिताभ के घर के बाहर फायरिंग के लिए मुंबई में रुकना था गिरफ्तार विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का निवासी है, जबकि दीपक सिंह तरनतारन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, दीपक को विशेष रूप से मुंबई में अधिक समय तक रुकने के लिए कहा गया था। उसका काम अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग करना था। गैंगस्टर की नाराजगी अमिताभ के उस कथित बयान को लेकर बताई जा रही है, जिसे 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान भीड़ को उकसाने से जोड़कर देखा जाता रहा है। दिल्ली के कारोबारी को भी बनाना था निशाना विकास ठाकुर को मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। उसे एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके ऊपर फायरिंग करनी थी। इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने योजना पूरी होने से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई पुलिस की सहायता से दीपक को भी पकड़ लिया गया। 1984 के आरोपों पर विवाद, अमिताभ पहले ही कर चुके हैं इनकार 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में सिख विरोधी हिंसा भड़की थी। कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि एम्स के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि उन्होंने दूरदर्शन के प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर सिखों के खिलाफ नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक नहीं हुआ। अमिताभ ने ऐसे बयान देने से इनकार किया है। भारत की किसी जांच एजेंसी ने उन्हें इस मामले में आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई आधिकारिक सबूत सामने आया। अक्टूबर 2014 में अमेरिका के संगठन सिख्स फॉर जस्टिस ने लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अमिताभ के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। बच्चन ने इन आरोपों का कानूनी रूप से खंडन किया था। धमकी भरे ईमेल के बाद बढ़ी थी सतर्कता अमिताभ के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल 6 नवंबर को मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी ऐसा धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। एक ईमेल में गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र था और उन पर हमले की धमकी दी गई थी। धमकियों के बाद अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ केबिन में नजर आए थे। इन्फ्लुएंसर हत्याकांड में भी वांटेड था दीपक दीपक सिंह का नाम 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी सामने आया है। वह इस प्रकरण में वांटेड था। इस मामले में उसके साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर भी फायरिंग हुई थी। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाई है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के इशारे पर रेलवे ट्रैक पर धमाका, पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार फिर अबकी बार शाही जय—जयकार, आईसीसी की कमान फिर जय शाह के हाथ