24 News Update अलवर। महज 10 हजार रुपए महीने की नौकरी करने वाले एक युवक के साथ करोड़ों रुपये की पहचान चोरी (Identity Theft) का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। युवक जब अपना छोटा कारोबार शुरू करने के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के पास पहुंचा तो पता चला कि उसके पैन कार्ड पर पहले से जीएसटी पंजीकरण है और उसके नाम से दिल्ली में एक फर्म करीब 11.95 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अंकित यादव ने बताया कि वह अलवर के मालवीय नगर स्थित एक कृषि कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है और उसकी मासिक आय करीब 10 हजार रुपये है। अप्रैल में नया व्यवसाय शुरू करने की योजना के तहत वह सीए के पास गया था। ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया कि उसके पैन कार्ड पर पहले से जीएसटी नंबर जारी है।
इसके बाद जीएसटी और आयकर विभाग के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि दिल्ली स्थित ‘आकांक्षा सिंथेटिक्स’ नामक फर्म उसके पैन कार्ड का उपयोग कर कारोबार कर रही है। रिकॉर्ड के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में 2.62 करोड़ रुपये और 2024-25 में 9.33 करोड़ रुपये का कारोबार उसके नाम पर दर्शाया गया। इस तरह दो वर्षों में उसके पैन कार्ड के जरिए 11 करोड़ 95 लाख 71 हजार 594 रुपये का कारोबार किया गया।
शिकायत में यह भी सामने आया कि जीएसटी पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर पीड़ित के नहीं हैं। कारोबार के लिए कोटक महिंद्रा बैंक, प्रीतमपुरा (दिल्ली) की शाखा का बैंक खाता इस्तेमाल किया गया, जबकि अंकित का कहना है कि उसका केवल पंजाब नेशनल बैंक, दिल्ली रोड (अलवर) में एक बचत खाता है। उसने कभी जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया और न ही उसके नाम से कोई व्यापार संचालित होता है।

मामले का खुलासा होने के बाद अंकित ने 5 जुलाई को एसीजेएम-3 न्यायालय में परिवाद दायर किया। न्यायालय के निर्देश पर 29 जुलाई को अरावली विहार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि पैन कार्ड का दुरुपयोग कर जीएसटी पंजीकरण और करोड़ों रुपये का कारोबार किए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी जीएसटी किसने बनवाया, किन लोगों ने इसमें भूमिका निभाई और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading