24 News Update भूपालसागर (अरविंद गर्ग)।। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जाशमा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल भवन की छत की पट्टियां अचानक भरभराकर नीचे गिर गईं। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार विद्यालय भवन का एक हिस्सा काफी पुराना और जर्जर अवस्था में है। गुरुवार को अचानक बरामदे की छत की पट्टियां टूटकर गिर गईं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंच गए और मामले की जानकारी विद्यालय प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों को दी गई।शुक्रवार सुबह प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने वालों में महेश कुमार गगोरिया (एसडीएम), लक्ष्मण सिंह चुंडावत, मुरलीधर शर्मा तथा एईएन रणजीत सिंह गोदारा शामिल रहे। अधिकारियों ने स्कूल स्टाफ से घटना की जानकारी ली और क्षतिग्रस्त हिस्से का बारीकी से जायजा लिया।प्राथमिक जांच में सामने आया कि विद्यालय भवन करीब 60 वर्ष पुराना है और लंबे समय से जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। एसडीएम ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से को तत्काल ‘नो-गो जोन’ घोषित कर वहां बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भवन की जल्द मरम्मत करवाने का आश्वासन भी दिया गया है।विद्यालय के संस्था प्रधान नवनीत आगाल ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका था। उन्होंने कहा कि बरामदे की एक पट्टी में पहले से दरार आने पर एहतियात के तौर पर वहां रस्सी बांधकर आवाजाही रोक दी गई थी। उन्होंने बताया कि पूर्व में चित्तौड़गढ़ से आई टेक्निकल टीम ने निरीक्षण कर पांच लाख रुपए की मरम्मत का एस्टीमेट बनाया था, लेकिन अब तक बजट स्वीकृत नहीं हो पाया।नवनीत आगाल ने कहा कि ईश्वर की कृपा रही कि घटना रात के समय और छुट्टियों के दौरान हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद जिला स्तर की टेक्निकल टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट आगे भेज दी है।वहीं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उपखंड अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद से बजट स्वीकृत कर भवन की मरम्मत करवाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान संपत लाल बोरदिया, देवीलाल लोहार, घीसू लाल जाट, दिलीप जैन, राजू धोबी, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि रैगर समाज की भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई आस्था की अद्भुत झलक