विशेषज्ञों ने कहा—भोजन महज व्यंजन नहीं, सभ्यता और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत दस्तावेज; पारंपरिक रेसिपी, मौसमी खानपान और घरेलू संरक्षण की विधियों को सहेजने पर दिया जोर

उदयपुर, 13 नवंबर। शिल्पग्राम के बंजारा मंच पर शुक्रवार को शरद रंग समारोह के दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय खानपान की समृद्ध विरासत, स्वाद की परंपराओं और बदलती रसोई पर गंभीर परिचर्चा के साथ हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि भारतीय रसोई सिर्फ पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि इतिहास, भूगोल, लोकज्ञान, मौसम, स्वास्थ्य और पारिवारिक संस्कारों का जीवंत दस्तावेज है। हर क्षेत्र का भोजन अपने समाज और वहां की जीवनशैली की कहानी कहता है।

परिचर्चा में शेफ डॉ. राजीव गोयल, डॉ. संगीता धर, अक्षराज जोधा, निशांत चौबे, राहुल वाली, कासी विश्वनाथन और डॉ. श्रीकृष्ण जुगनू ने भारतीय पाक परंपराओं के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि तेज रफ्तार जीवनशैली, छोटे होते परिवार और पीढ़ियों के बीच कम होते संवाद के कारण अनेक पारंपरिक व्यंजन और उनकी विधियां धीरे-धीरे स्मृतियों से गायब हो रही हैं। दादी-नानी की रसोई में पीढ़ियों से सुरक्षित रही रेसिपी, मसालों का पारंपरिक उपयोग, मौसमी खाद्य पदार्थों का चयन और भोजन को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की तकनीकें नई पीढ़ी तक नहीं पहुंच पा रहीं।

अचार से लेकर प्राचीन खाद्य परंपराओं तक की चर्चा

वक्ताओं ने अचार की उत्पत्ति और भारतीय रसोई में खाद्य संरक्षण की परंपराओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां भोजन में स्वाद के साथ मौसम, उपयोगिता और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जाता रहा है। तमिल संगम साहित्य और प्राचीन खाद्य ग्रंथों के उदाहरणों से भारतीय खानपान की ऐतिहासिक गहराई को समझाया गया। कश्मीरी पंडित भोजन की परंपरा पर चर्चा करते हुए कहा गया कि क्षेत्रीय पाक संस्कृति को प्रचलित धारणाओं से आगे बढ़कर उसके वास्तविक सामाजिक और ऐतिहासिक संदर्भों में समझना चाहिए।

मेवाड़ की खाद्य संस्कृति पर बात करते हुए यहां के इतिहास, जलवायु, भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जीवन-पद्धति के भोजन पर पड़े प्रभावों को रेखांकित किया गया। वहीं झारखंड के जनजातीय खानपान को प्रकृति के साथ सहजीवन से विकसित हुआ अनमोल ज्ञान बताते हुए उसकी विविधता और संरक्षण की आवश्यकता जताई गई। औपनिवेशिक दौर में भारतीय व्यंजनों के नाम और पहचान में आए बदलावों पर भी विचार रखे गए।

स्वास्थ्य, आयुर्वेद और करियर की संभावनाओं पर भी विमर्श

परिचर्चा में आयुर्वेद और संतुलित भारतीय आहार के संबंध को भी प्रमुखता से उठाया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि पारंपरिक खानपान में स्वास्थ्य और मौसम के अनुरूप भोजन का विशेष महत्व रहा है। इसके साथ ही युवाओं के लिए शेफ के रूप में करियर बनाने के अवसरों, चुनौतियों और संभावनाओं पर उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया।

सत्र का निष्कर्ष रहा कि भारतीय भोजन केवल स्वाद की अनुभूति नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और सामूहिक स्मृति का हिस्सा है। पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय खाद्य ज्ञान और रसोई की विरासत को लिखित व डिजिटल रूप में दर्ज कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

शरद रंग की इस परिचर्चा की अगली कड़ी में शनिवार 14 नवंबर को सुबह 10 बजे पाक कला विशेषज्ञ आमजन से स्वाद और सेहत के विषय पर संवाद करेंगे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading