24 News Update जयपुर। राजस्थान की बामनवास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा को एक मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिल गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस समीर जैन की अदालत ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित की ओर से दर्ज FIR में फिलहाल कोई दंडात्मक कार्रवाई (coercive action) नहीं करने के निर्देश दिए हैं। विधायक इंदिरा मीणा की ओर से पेश वकील कृतेश ओसवाल ने अदालत में दलील दी कि यह एफआईआर पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष के तहत दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि न तो शिकायतकर्ता ने मेडिकल परीक्षण कराया, और न ही घटना को लेकर कोई स्पष्ट साक्ष्य पेश किए हैं। कोर्ट में घटना से संबंधित फोटो और वीडियो भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिसमें साफ तौर पर दिखाया गया है कि मामला उतना गंभीर नहीं है जितना बताया जा रहा है।
क्या है मामला?
यह विवाद 13 अप्रैल 2025 को, अंबेडकर जयंती से एक दिन पहले, सवाई माधोपुर जिले के बौंली क्षेत्र में हुआ। यहां दो साल पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण हुआ था, जहां एक चौराहा PWD की ओर से बनवाया गया था। उस समय इस चौराहे का शिलान्यास विधायक इंदिरा मीणा ने किया था, और पट्टिका पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम भी अंकित था। इस वर्ष 13 अप्रैल को अंबेडकर जयंती से पूर्व उस पट्टिका को हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विधायक समर्थकों का आरोप था कि भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित और प्रधान कृष्ण पोसवाल ने शिलापट्टिका को हटवा दिया। सूचना मिलने पर विधायक इंदिरा मीणा मौके पर पहुंचीं। वहां मौजूद भाजपा नेताओं से उनकी तेज बहस हुई, जिसके दौरान कथित रूप से इंदिरा मीणा ने हनुमत दीक्षित की कॉलर पकड़ी, शर्ट फाड़ दी और थप्पड़ मारा। आरोप के अनुसार, विधायक ने कहा – “जयंती शांति से क्यों नहीं मनाने दे रहे हो? इन्हें दंगे करवाने हैं।”
एसडीएम से भी की थी फोन पर नाराजगी जाहिर
घटना के बाद विधायक ने एसडीएम को फोन कर नाराजगी जताई और कथित रूप से कहा – “एसडीएम साहब इतने दब्बू मत बनो। समय-समय की बात है, सरकार की इतनी भी गुलामी मत करो। सरकार के लोग पुलिस को गालियां दे रहे हैं, पट्टिकाएं तोड़ रहे हैं।” हाईकोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए पुलिस से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है और तब तक विधायक इंदिरा मीणा के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के आदेश दिए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई के बाद तय होगा कि FIR रद्द होगी या नहीं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading