1 किलोवाट की बैटरी को बनाया रेंज एक्सटेंडर, वाहन की कुल ऊर्जा जरूरत का करीब 10 प्रतिशत पूरा करेगी स्वदेशी तकनीक उदयपुर। इलेक्ट्रिक वाहनों की रेंज बढ़ाने और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में हिंदुस्तान जिंक ने आईआईटी मद्रास के साथ बड़ी तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। दोनों संस्थानों ने मिलकर इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर का ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसमें करीब 1 किलोवाट क्षमता की जिंक-एयर बैटरी को रेंज एक्सटेंडर के रूप में जोड़ा गया है। यह प्रयोग भारत में जिंक आधारित स्वदेशी बैटरी तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस प्रोटोटाइप का अनावरण आईआईटी मद्रास एनर्जी समिट 2026 में किया गया। वर्ष 2024 में शुरू हुआ यह शोध सहयोग अब प्रयोगशाला से आगे बढ़कर वाहन स्तर के प्रदर्शन तक पहुंच गया है। इसमें दोहरी बैटरी प्रणाली अपनाई गई है। लिथियम-आयन बैटरी वाहन की गति और अधिक ऊर्जा की जरूरत पूरी करती है, जबकि जिंक-एयर बैटरी लगातार अतिरिक्त ऊर्जा उपलब्ध कराती है। इसके जरिए वाहन की कुल ऊर्जा आवश्यकता का लगभग 10 प्रतिशत योगदान मिलने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश, आईआईटी मद्रास के डीन (आईसीएसआर) प्रो. मनु संथानम और परियोजना का नेतृत्व करने वाले डॉ. अरविंद कुमार चंदिरन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि भारत में जिंक की प्रचुर उपलब्धता स्वदेशी ऊर्जा भंडारण समाधान विकसित करने का बड़ा अवसर है। आईआईटी मद्रास के साथ सहयोग का उद्देश्य वैज्ञानिक शोध को व्यावहारिक तकनीक में बदलना और जिंक के लिए नए औद्योगिक उपयोग विकसित करना है। जिंक-एयर बैटरी जिंक और वातावरण में मौजूद ऑक्सीजन की मदद से बिजली पैदा करती है। इसमें पानी आधारित गैर-ज्वलनशील इलेक्ट्रोलाइट का उपयोग होता है। जिंक की उपलब्धता और पुनर्चक्रण की क्षमता के कारण यह तकनीक भविष्य में सुरक्षित और किफायती ऊर्जा भंडारण का विकल्प बन सकती है। आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटी ने इस उपलब्धि पर शोध टीम को बधाई देते हुए कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन, भंडारण और वितरण के लिए नई तकनीक विकसित करना समय की जरूरत है। हिंदुस्तान जिंक के साथ यह सहयोग इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। कंपनी अपनी एचजेडएल 2.0 रणनीति के तहत जिंक आधारित बैटरी तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में नए अवसर तलाश रही है। यह पहल भारत के प्रचुर जिंक संसाधनों को भविष्य की ऊर्जा जरूरतों से जोड़ने की दिशा में अहम साबित हो सकती है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation माउंट आबू में पहली बार बर्ड फेस्टिवल, 400 विद्यार्थी जानेंगे पक्षियों की दुनिया