24 News Update जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) की पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चुंकी बाई (41) पिछले 18 महीने से फरार थी और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसओजी की जांच में सामने आया कि चुंकी बाई ने अपनी जगह परीक्षा दिलाने के लिए एक महिला डमी अभ्यर्थी को करीब 5 लाख रुपये नकद दिए थे। परीक्षा में चयन के बाद उसकी नियुक्ति भरतपुर जिले के कुम्हेर क्षेत्र स्थित पटवार हल्का ईंदू में पटवारी के पद पर हो गई थी।
एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर 2021 को जयपुर के परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र में मॉर्फ्ड फोटो लगाकर और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल करते हुए डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाई गई थी। इसी आधार पर आरोपी का चयन हुआ और उसे सरकारी नौकरी मिल गई।
मामले का खुलासा एसओजी को मिली एक गोपनीय शिकायत के बाद हुआ। जांच के आधार पर प्रकरण संख्या 62/2024 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आपराधिक षड्यंत्र तथा राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग) अधिनियम, 1992 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि परीक्षा दिलाने के एवज में डमी अभ्यर्थी को 5 लाख रुपये दिए गए थे। पूरी साजिश के तहत प्रवेश पत्र पर फोटो बदली गई और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए परीक्षा दिलाई गई।
एसओजी के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद चुंकी बाई लगातार 18 महीने तक फरार रही। इस दौरान वह डीग, भरतपुर और जालोर समेत विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रही थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर उसके खिलाफ 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।
इस प्रकरण में डमी अभ्यर्थी नेमी बाई उर्फ सम्मी उर्फ सुमिता (34), निवासी काबुली, थाना धोरीमन्ना, जिला बाड़मेर (वर्तमान निवास सांचौर क्षेत्र), जो निलंबित तृतीय श्रेणी अध्यापिका रही है, को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
महानिरीक्षक पुलिस अजयपाल लांबा, उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशन में निरीक्षक नवनीत भारद्वाज के नेतृत्व वाली एसओजी टीम ने लगातार तलाश के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और परीक्षा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading